घर के बाहर मिला हैंड ग्रेनेड, गांव में मचा हड़कंप, पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को बुलाया
परिवार के एक सदस्य ने पुरानी रंजिश का हवाला दिया.
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के एक गांव में घर के बाहर ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। इसके बाद डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई। परिवार के एक सदस्य ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए अपने रिश्तेदारों पर घर के अंदर ग्रेनेड फेंके जाने का आरोप लगाया है।
यह मामला हरदोई जिले के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जोधनपुरवा गांव का है। गांव निवासी सतीश कुमार का आरोप है कि रात में किसी ने उनके घर के अंदर पॉलीथिन में लिपटी संदिग्ध वस्तु फेंकी। वह पहले घर में पड़े तिरपाल पर गिरी, फिर जमीन पर और इसके बाद पानी में जा गिरी।
बाद में सतीश ने उसे उठाया और घर के बाहर फेंक दिया, लेकिन उस समय उन्हें पता नहीं था कि पॉलीथिन में क्या है। बाद में जब सुबह उन्होंने उसे खोलकर देखा तो अंदर हैंड ग्रेनेड देखकर उनके होश उड़ गए। सतीश के मुताबिक, संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गांव में हड़कंप मच गया।
सतीश ने पत्रकारों को बताया कि जब मैं खाना खा रहा था, उसी समय मेरे घर पर ग्रेनेड फेंका गया। मैंने उसे एक पॉलिथीन में रखकर बाहर फेंक दिया था। सुबह पॉलिथीन खोलकर देखने पर गांव और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। साथ ही, पुलिस को ग्रेनेड फेंके जाने की सूचना दी गई।
सतीश ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए सांडी क्षेत्र के अपने रिश्तेदारों पर घर के अंदर हैंड ग्रेनेड फेंके जाने का आरोप लगाया है। उनके आरोप के बाद मामले को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि, पुलिस अभी आरोपों की जांच कर रही है।
हरपालपुर के सीओ प्रवीण कुमार ने कहा कि पुलिस को शुक्रवार सुबह डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचने के बाद घटनास्थल की निरीक्षण किया और आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए गए। उन्होंने बताया कि ग्रेनेड को नष्ट करने के लिए बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई है। साथ ही, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।