OMG! 'आधा सामान' और 300 चाबियां...चोरी का ऐसा 'अजीब नियम' पुलिस भी रह गई दंग, पकड़ी गई आरोपी
पढ़ें पूरी खबर.
जूनागढ़: गुजरात के जूनागढ़ से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस प्रशासन और आम जनता दोनों को हैरान कर दिया है. पुलिस ने एक ऐसी महिला चोर को गिरफ्तार किया है, जो घरों का ताला खोलने के लिए मास्टर चाबियों का भंडार रखती थी, लेकिन चोरी करते समय एक अजीब नियम का पालन करती थी ताकि किसी को शक न हो.
गिरफ्तार महिला की पहचान तबस्सुम फातिमा के रूप में हुई है. पुलिस जांच में जो सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई. दरअसल, तबस्सुम के पास से 300 अलग-अलग तरह की चाबियां मिली हैं. आरोपी महिला घरेलू काम के बहाने घरों की रेकी करती थी और तालों के हिसाब से चाबियों का मिलान करती थी.
हैरानी की बात यह है कि वह घर की अलमारी साफ करने के बजाय सिर्फ आधा सामान ही चुराती थी. उसका मानना था कि अगर सामान आधा बचेगा, तो घर वालों को लगेगा कि उन्होंने कहीं रख दिया है और वे पुलिस शिकायत नहीं करेंगे. इसी 'कॉन्फिडेंस' की वजह से उसने पहले भी 2-3 वारदातों को अंजाम दिया, जिसकी भनक किसी को नहीं लगी.
इस शातिर चोरी का खुलासा तब हुआ जब 23 मार्च को काजीवाड़ा निवासी मुस्तफा काजी के घर से 15 लाख रुपये नकद और 4 लाख के सोने के गहने चोरी हो गए. हालांकि तबस्सुम ने यहां भी अपनी 'हाफ-चोरी' की चाल चली, लेकिन रकम बड़ी होने के कारण मामला पुलिस तक पहुंच गया.
जूनागढ़ पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध महिला की आवाजाही दिखाई दी. सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने उपरकोट रोड सैयद वाला इलाके में रहने वाली तबस्सुम को हिरासत में लिया.
पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने उसके पास से 4 लाख 75 हजार रुपये के सोने के गहने और नकदी बरामद कर ली है.