सोशल मीडिया पर काम की चीजें भी मिलती हैं. कई पुलिस अधिकारी ऐसे होते हैं जिनके ट्वीट से उम्मीदें भी जगती हैं. ऐसे ही अधिकारी आकाश तोमर हैं. उत्तरप्रदेश के इटावा के एसएसपी आकाश तोमर ने ट्विटर से युवाओं को आईपीएस बनाने की पहल शुरू की है. खास अंदाज के लिए आकाश तोमर उत्तरप्रदेश और दूसरे राज्यों में भी फेमस हैं. उनकी पहल को ट्वीटर यूजर्स सलाम कर रहे हैं.

यूपीएससी की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स को आईपीएस आकाश तोमर ने फ्री में नोट्स देने की पेशकश की है. उन्होंने ट्वीट किया 'अगर किसी को मेरी 2012 यूपीएससी की नोट्स (टाइपिंग फार्मेट में) चाहिए तो मेरे ट्वीट का रिप्लाई करें. नोट्स के जरिए आपको यूपीएससी की तैयारी का आइडिया मिलेगा.' आकाश तोमर ने ट्वीट में सेव नोट्स की क्लाउड लिंक को भी साझा किया है. आप भी उसे डाउनलोड कर सकते हैं.
आईपीएस आकाश तोमर की पेशकश को सोशल मीडिया यूजर्स खूब पसंद कर रहे हैं. इसके पहले भी आकाश तोमर खबरों में रह चुके हैं. महिलाओं की मदद के लिए हेल्पडेस्क बनाने की बात हो या डेडिकेटेड पुलिस स्टेशन, उनकी कोशिश से महिलाओं को काफी मदद मिली है. उनके निर्देश पर बच्चों के पार्क का भी जीर्णोद्धार किया जा चुका है. इसके अलावा भी आकाश तोमर क्राइम कंट्रोल के लिए जाने जाते हैं. कोरोना संकट में भी वो लोगों को जागरूक बनाने के लिए स्पेशल ड्राइव चला चुके हैं.


Tags: