धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए बड़ा संकल्प दोहराया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी इच्छाशक्ति के साथ प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के अभियान में जुटी हुई है। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में हिमाचल प्रदेश को चिट्टे के नशे से मुक्त करना है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और हालिया रिपोर्ट के मुताबिक चिट्टे से संबंधित मामलों में लगभग 50 प्रतिशत की कमी आई है।
चिट्टे के खिलाफ सरकार का विशेष अभियान
मुख्यमंत्री सुक्खू ने धर्मशाला में कहा कि राज्य सरकार लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। इस संबंध में अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान की समीक्षा से जुड़ी लगातार तीसरी बैठक है। पंचायत स्तर पर होगी नशा प्रभावित लोगों की पहचान, मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की पंचायतों की मैपिंग की जा रही है। चिट्टे का सेवन करने वाले लोगों का नाम, पता और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी, ताकि उनकी पहचान कर उचित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
नशा पीड़ितों के लिए खुलेंगे पुनर्वास केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए पुनर्वास केंद्र खोले जाएंगे, जहां प्रभावित व्यक्तियों को आवश्यक सहायता दी जाएगी।
चिट्टा तस्करों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
सुक्खू ने स्पष्ट किया कि नशा करने वालों के पुनर्वास के साथ चिट्टे की आपूर्ति करने वाले तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि अगले दो वर्षों में हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाया जाए।
Tags: