उत्तर प्रदेश: कासगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (बीडीओ) अपने कार्यालय में बैठकर रौब झाड़ते हुए दिखाई दिए। इस घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, मामले को लेकर बीडीओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
दरअसल, कासगंज जिले के पटियाली ब्लॉक से सरकारी सिस्टम को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां तैनात खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संजीव कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने ही कार्यालय में बैठकर खुलेआम धमकाते और अवैध वसूली की मांग करते हुए नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में बीडीओ की दबंगई साफ तौर पर दिख रही है। वह कुर्सी पर बैठे-बैठे अधीनस्थ कर्मचारी को हड़काते हुए नजर आ रहे हैं, जहां वह कहते हैं, "पूरा एक दे जाना, नोट कर लेना, नेतागिरी मत करना।" इतना ही नहीं, वीडियो में बीडीओ पद की गरिमा को ताक पर रखकर अभद्र और गालियां देते हुए कर्मचारी को सीधे जेल भिजवाने की धमकी भी दे रहे हैं।
सरकारी दफ्तर को अपनी निजी जागीर समझने का यह वीडियो सामने आते ही प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) सुभाष चंद्र ने इसे पदीय दायित्वों के विपरीत और भ्रष्टाचार का स्पष्ट प्रमाण माना। डीडीओ की तहरीर पर पटियाली कोतवाली पुलिस ने बीडीओ संजीव कुमार के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एफआईआर के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार को सौंपी गई है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो और एफआईआर के बाद बीडीओ पर क्या एक्शन होता है। फिलहाल पटियाली से लेकर कासगंज तक यही वीडियो चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है।
Tags: