मनचलों पर लड़कियों ने किया काउंटर अटैक, मुंह पर कालिख पोती

Update: 2026-08-01 08:46 GMT

नैनीताल। जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र में छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्रता करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि बाहरी क्षेत्र से आए दो युवकों ने गांव की युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार किया. युवतियों ने विरोध करते हुए दोनों युवकों को बीच सड़क पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी. इसके बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और युवकों की जमकर धुनाई की. बताया जा रहा है कि युवकों का मुंह काला कर उन्हें बिच्छू घास भी लगाई गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

शरारती युवकों ने युवतियों से की छेड़छाड़: स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार सुबह गांव की कुछ छात्राएं स्कूल और बाजार की ओर जा रही थीं. इसी दौरान दो युवकों ने उनके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं. पहले युवतियों ने उनकी हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब युवकों की अभद्रता बढ़ गई, तो उन्होंने साहस दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी. शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और युवकों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया.

छेड़छाड़ करने वाले युवकों की पिटाई: फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है. पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है. यदि शिकायत दर्ज होती है, तो जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


Tags:    

Similar News