30 साल की उम्र में किया था युवती का रेप, पुलिस ने 70 साल की उम्र में किया गिरफ्तार

पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Update: 2024-05-07 15:29 GMT
मुंबई। मुंबई पुलिस को 40 साल से छका रहा रेप और अपहरण का एक आरोपी आगरा से पकड़ा गया है। उसने 30 साल की उम्र में मुंबई के डॉ. दादाभाई भड़कामकर मार्ग थाना इलाके की एक युवती से रेप किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था। मुकदमा शुरू होते ही वह फरार हो गया था। केस दर्ज होने पर वह संपत्ति बेचकर परिवार के साथ फरार हो गया था। उसकी तलाश में लगी मुंबई पुलिस को अब उसके आगरा में होने की जानकारी मिली तो वहां छापा मारा और दबोच लिया गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान पापा उर्फ दाउद बंदू खान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दक्षिण मुंबई के डॉ. दादाभाई भड़कामकर मार्ग थाने के पुलिसकर्मियों की एक टीम ने खान को सोमवार को आगरा में धर दबोचा।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया और उसे यहां अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1984 में एक महिला की शिकायत के आधार पर खान के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। खान को मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह जमानत पर रिहा था। जैसे ही मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई तो आरोपी एक-दो तारीखों पर अदालत में पेश हुआ लेकिन उसके बाद से वह कभी अदालत में नहीं आया। अदालत ने उसे मामले में भगोड़ा घोषित किया हुआ था। डॉ. डीबी मार्ग थाना की एक टीम ने उसकी खोज शुरू की थी। फाल्कलैंड मार्ग स्थित उसके आवास पर छापा मारा, जिसके बाद मालूम हुआ कि वह अपनी संपत्ति बेचकर अपने परिवार के साथ शहर छोड़कर चला गया। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि वह उत्तर भारत के किसी राज्य में छिपा हुआ है। 40 साल तक अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों को हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी अपने परिवार के साथ आगरा में रह रहा है। इसके बाद पुलिस की एक टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां खान को पकड़ लिया गया।
Tags:    

Similar News