दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) दिल्ली के नांगलोई इलाके में 15 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। एक लड़की से उसकी मित्रता को लेकर हुए विवाद के बाद यह घटना हुई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार को हुई, जब लड़का नांगलोई इलाके में अपने एक सहपाठी के साथ जा रहा था।पुलिस के अनुसार, चार नाबालिगों ने पीड़ित को घेर लिया और उनमें से एक का पीड़ित का एक लड़की के साथ मित्रता को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान नाबालिगों में से एक ने कथित तौर पर लड़के की दाहिनी जांघ में चाकू घोंप दिया और हमलावर उसे घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।पुलिस ने बताया कि पीड़ित के सहपाठी ने उसके परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग लड़के को पास के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने हमले में कथित तौर पर शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है और चौथे की तलाश की जा रही है।उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।