दुर्गा पंडाल से बच्ची का अपहरण, झाड़ियों में मिली रोती-बिलखती मासूम
आरोपी गिरफ्तार.
जौनपुर: यूपी के जौनपुर में मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ रेप की कोशिश की गई। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे की है। थाना क्षेत्र के एक गांव में लगे दुर्गा पूजा पंडाल में आरती देखने गई पांच साल की मासूम बच्ची का उसी गांव निवासी युवक ने अपहरण कर लिया। आरोप है कि युवक बच्ची का अपहरण करके उसे वहां से कुछ दूर नदी के किनारे झाड़ी में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। आरोपी नशे की हालत में था। रात करीब 11 बजे ग्रामीणों को बच्ची झाड़ी में रोती मिली। वहीं पर आरोपी युवक भी नशे की हालत में मिला। गांव वालों ने पुलिस बुलाकर आरोपी को पुलिस को सौंप दिया गया।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार दुर्गा पूजा पंडाल में रात करीब आठ बजे आरती हो रही थी। उसमें गांव के कई बच्चे पहुंचे थे। पांच वर्षीय मासूम बच्ची भी गई थी। इसी दौरान गांव का ही आरोपी सूरज निषाद पहुंचा और बच्ची को अपहृत कर उसे झाड़ी में ले गया। परिजनों का आरोप है कि झाड़ी में उसके साथ घिनौनी हरकत करने की कोशिश की, बच्ची ने चिल्लाया तो उसने नदी में फेंकने की धमकी दी। अत्याधिक नशे के कारण आरोपी अचेत हो गया। बच्ची को खोजते हुए रात करीब 11 बजे ग्रामीण वहां पहुंचे तो वह झाड़ी में मिली।
वहीं से आरोपी भी अर्धनग्न अवस्था में अचेत पड़ा था। इसके बाद गांव वालों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। आरोपी को पुलिस को सौंप दिया गया। बच्ची को ले जाया गया। सीओ सिटी सम्यक चौधरी ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब 11 बजे एक मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद बच्ची सकुशल बरामद कर ली गई है। बच्ची को ले जाने वाले आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपी सूरज के खिलाफ अपहरण, पॉक्सो ऐक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पता चला है कि पहले भी आरोपी पर एक मुकदमा दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी बेहद नशे की हालत में था। इस कारण बेहोश हो गया। आरोपी के बेहोश होने के चलते ही बच्ची बच गई। बच्ची रोते रही जिसे सुनकर गांव वालों ने उसे बचा लिया। बच्ची को परिजनों को सौंप दिया गया है।