ब्रिटेन में 4 जुलाई को होगा आम चुनाव

बड़ी खबर

Update: 2024-05-22 18:38 GMT
नई दिल्ली। ब्रिटेन में 4 जुलाई को आम चुनाव होंगे। प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बुधवार रात लंदन स्थित 10 डाउनिंग स्ट्रीट से इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के लिए अपना भविष्य चुनने का समय आ गया है। सुनक ने कहा कि, '5 साल देश के लिए दूसरे विश्व युद्ध के बाद से सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण रहे हैं। मैं आने वाले दिनों में आपके हर वोट के लिए संघर्ष करुंगा। किंग चार्ल्स III को चुनाव की टाइमलाइन के बारे में जानकारी देने के बाद जल्द ही संसद भंग कर दी जाएगी। उसके बाद चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।'
यह पहली बार है जब 44 साल के ऋषि सुनक PM कैंडिडेट के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले 2022 में कंजर्वेटिव पार्टी ने चुनाव से पहले PM फेस का ऐलान नहीं किया था। चुनाव के बाद कंजर्वेटिव पार्टी के संसदीय दल ने सुनक को अपना नेता चुना था। सुनक को करीब 200 सांसदों का समर्थन मिला था, जिसके बाद पीएम बने थे। ब्रिटेन की सत्तारूढ़ कंज़र्वेटिव पार्टी के एक स्रोत ने BBC को बताया है कि पार्टी के कुछ सांसद ऋषि सुनक के खिलाफ अविश्वास मत की मांग कर रहे हैं। एक सांसद ने पार्टी के मौजूदा माहौल को 'पेनिक' की स्थिति वाला बताया है। कई ओपिनियन पोल में कंजर्वेटिव पार्टी मुख्य प्रतिद्वंदी लेबर पार्टी से काफी पीछे है।
ऋषि सुनक 25 अक्टूबर 2022 को ब्रिटेन के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने थे। वह पहले ब्रिटिश-भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उनसे पहले लिज ट्रस प्रधानमंत्री थी, जिनका कार्यकाल सिर्फ 49 दिन का था। लिज की सरकार में सुनक वित्त मंत्री थे। ब्रिटेन में कंजर्वेटिव पार्टी और लेवर पार्टी के बीच मुकाबला है।सुनक का मुकाबला लेबर पार्टी के नेता सर कीर स्टार्मर से है। कीर स्टार्मर इंग्लैंड में पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के पूर्व डायरेक्टर और अप्रैल 2020 से लेबर पार्टी के नेता हैं। कई ओपिनियन पोल में लेबर पार्टी सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी से काफी आगे है। हालांकि, कंजर्वेटिव और लेबर के बाद स्कॉटिश नेशनल पार्टी, लिबरल डेमोक्रेट और डेमोक्रेटिक यूनियनिस्ट पार्टी ब्रिटेन की तीन सबसे बड़ी पार्टियां हैं।
Tags:    

Similar News