राजस्थान की सियासत में Gen-Z की एंट्री, 21 साल की नेहा और फैज बने पार्षद
Gen-Z ने चुनावी मैदान में दिखाया दम नेहा और फैज की शानदार जीत
Jaipur जयपुर। राजस्थान के निकाय चुनाव में युवा चेहरों ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। महज 21 साल की नेहा शर्मा और फैज हसन ने पार्षद पद का चुनाव जीतकर प्रदेश की स्थानीय राजनीति में Gen-Z की नई दस्तक का संकेत दिया है। नेहा शर्मा ने अलवर के थानागाजी नगर पालिका से जबकि फैज हसन ने जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 71 से जीत हासिल की है।
थानागाजी नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी नेहा शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी को 101 वोटों के अंतर से हराया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भाजपा के विजयी प्रत्याशियों में उनकी जीत का अंतर थानागाजी में सबसे अधिक बताया जा रहा है। करीब 21 साल चार महीने की नेहा शर्मा पूर्व में पत्रकारिता से जुड़ी रही हैं। अब चुनाव जीतने के बाद उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू की है।
दूसरी ओर जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 71 में कांग्रेस प्रत्याशी फैज हसन ने जीत दर्ज की। 21 वर्षीय फैज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद सलीम को हराया। सलीम को 5,256 वोट मिलने की जानकारी दी गई है, जबकि भाजपा प्रत्याशी निशा गौड़ तीसरे स्थान पर रहीं।
नेहा और फैज की जीत इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि दोनों ने बेहद कम उम्र में स्थानीय निकाय चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा है। इन नतीजों को स्थानीय स्तर पर नई पीढ़ी की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। एक तरफ नेहा शर्मा ने भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की तो दूसरी तरफ फैज हसन कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए। अलग-अलग राजनीतिक दलों से आने वाले इन दोनों युवा चेहरों की जीत ने राजस्थान निकाय चुनाव में Gen-Z की भागीदारी को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।