फरार हिस्ट्रीशीटर बना नकली औरत! पुलिस ने किया मामलें में बड़ा खुलासा
देखें VIDEO...
Jodhpur. जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस से बचने के लिए महिला का वेश धारण कर लिया। साड़ी-ब्लाउज पहनकर, हाथों-पैरों की वैक्सिंग कराकर और गले में मंगलसूत्र डालकर वह अपने ही घर में घूंघट ओढ़े बैठा था। पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची, तो उसने महिला बनकर इशारों में बताया कि "दयाशंकर घर पर नहीं है।" लेकिन पुलिस उसकी हरकतों को भांप गई और मौके पर ही उसे दबोच लिया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चार महीने से फरार था दयाशंकर
पकड़ा गया आरोपी दयाशंकर उर्फ बिट्टू, जोधपुर कमिश्नरेट ईस्ट क्षेत्र के सदर कोतवाली थानाक्षेत्र का निवासी है और शहर के भीतर सक्रिय एक कुख्यात अपराधी माना जाता है। उस पर मारपीट, लूट, धमकी, अवैध हथियारों का इस्तेमाल जैसे करीब 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पिछले चार महीनों से वह पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। पुलिस की कई टीमों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन हर बार वह बच निकलता रहा।
महिला बनकर देता था पुलिस को चकमा
दयाशंकर की गिरफ्तारी की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। जब भी पुलिस उसके घर दबिश देने आती, वह पहले से महिला वेशभूषा में तैयार होकर बैठा रहता। साड़ी-ब्लाउज पहनकर, चेहरे पर घूंघट डाले वह इशारों में कहता कि "दयाशंकर घर पर नहीं हैं"। यहां तक कि उसने अपने हाथों-पैरों की वैक्सिंग करवा रखी थी ताकि किसी को शक न हो। उसकी इस चालाकी से पुलिस कई बार भ्रमित भी हुई, लेकिन मुखबिर से मिली एक ठोस सूचना के बाद पुलिस ने बारीकी से जांच करते हुए सच्चाई का पर्दाफाश किया।
कैसे भांपी पुलिस ने चालाकी?
मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दयाशंकर आज अपने घर में मौजूद है और वह एक बार फिर महिला के वेश में छिपा बैठा है। इस सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। घर में एक 'महिला' घूंघट ओढ़े बैठी थी जिसने फिर इशारे से बताया कि दयाशंकर मौजूद नहीं है। लेकिन इस बार पुलिस ने उसे गौर से देखा- महिला की बनावटी चाल और हल्के उभरे दाढ़ी के निशान देख संदेह हुआ। पुलिस ने तुरंत घूंघट हटाया तो सामने असली चेहरा आ गया। पुलिसकर्मी भी दंग रह गए जब उन्होंने देखा कि यह 'महिला' और कोई नहीं बल्कि खुद दयाशंकर है।
पूर्व में हमले और धमकी का केस भी दर्ज
दयाशंकर 15 फरवरी 2025 को दर्ज एक हमले और धमकी के मामले में भी वांछित था। पीड़ित प्रिंस चावला (23) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक पुरानी रंजिश के चलते दयाशंकर और उसके साथियों ने उसे देर रात 11:30 बजे घर के बाहर घेर लिया। कांच की बोतल, डंडों और मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और केस दर्ज न करवाने की धमकी दी गई। इस मामले में भी दयाशंकर फरार चल रहा था।
सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल
दयाशंकर की गिरफ्तारी के बाद जब उसके घर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो उसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे वह महिला बनकर, इशारों में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह वीडियो अब सबूत के तौर पर केस फाइल का हिस्सा बनाया जाएगा।
अपराधी की चालबाजियों से पुलिस सतर्क
जोधपुर पुलिस के अनुसार, दयाशंकर चांवरिया की यह चालबाजी दर्शाती है कि अपराधी पुलिस से बचने के लिए किस हद तक जा सकते हैं। पुलिस कमिश्नरेट ईस्ट ने बयान जारी करते हुए कहा कि "दयाशंकर की गिरफ्तारी पुलिस की सतर्कता और ठोस सूचना तंत्र का नतीजा है। वह अब कानून के हवाले है और उसके खिलाफ सभी लंबित मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।"