हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि इसमें सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया.
हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए सीएचसी अस्पताल सिखेड़ा भेजा. वहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान जोगिंदर, सुखबीर, जसवंत और रवि के रूप में हुई है.
वहीं, हादसे में 17 वर्षीय विष्णु भी घायल हुआ है. उसके हल्की चोटें आने की जानकारी दी गई है. उसे भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.
जानकारी के मुताबिक, थार बदायूं से दिल्ली की तरफ जा रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे पर पलट गई. हादसे में चार युवकों की जान चली गई. सिंभावली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त थार को हाईवे से हटवाया. इसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात को सामान्य कर दिया गया. पुलिस ने हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई है. हादसे में चार युवकों की मौत के बाद उनके परिवारों में मातम है. वहीं, घायल विष्णु का इलाज कराया जा रहा है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
Tags: