आसपास नकली चांदी वर्क बनाने वाली चार इकाइयों पर छापा, 4 मामले दर्ज
चारमीनार छापेमारी
हैदराबाद। कमिश्नर टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने चारमीनार के आसपास चांदी का वर्क बनाने वाली चार इकाइयों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एल्युमिनियम से तैयार नकली चांदी वर्क और निर्माण सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने इस संबंध में चार मामले दर्ज किए हैं। कार्रवाई चारमीनार थाना क्षेत्र की मेसर्स इत्तेहाद वर्क शॉप के मोहम्मद अकबर, हुसैनीआलम थाना क्षेत्र की मेसर्स यूटीसी सिल्वर लीफ्स के मोहम्मद वली उद्दीन, मोगलपुरा थाना क्षेत्र की मेसर्स एमए मेट्रो वर्क शॉप के मोहम्मद शरीफ और फलकनुमा थाना क्षेत्र के बीबीकाचश्मा स्थित मेसर्स तारा यूनिट के मोहम्मद जलील खान से संबंधित इकाइयों पर की गई।
पुलिस ने इन इकाइयों से नकली एल्युमिनियम वर्क के 49 बंडल और 10 किलोग्राम से अधिक एल्युमिनियम फ्लेक्स बरामद किए। इसके अलावा नकली चांदी की परत चढ़ी चीनी की गोलियां, किवाम, तंबाकू, पान की चटनियां, पशुओं की खाल की शीट और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के लाइसेंस के बिना इकाइयां संचालित कर रहे थे। आरोप है कि एल्युमिनियम से बने उत्पादों को असली चांदी का बताकर तेलंगाना की मिठाई दुकानों, बेकरियों और पान दुकानों में आपूर्ति की जा रही थी। इसके लिए एल्युमिनियम फ्लेक्स उत्तर प्रदेश से मंगाए जाते थे। त्योहारों के दौरान भी इन उत्पादों की आपूर्ति की जाती थी।
पुलिस ने बताया कि खाने में इस्तेमाल होने वाला चांदी वर्क 99.9 प्रतिशत शुद्ध होना चाहिए और उसमें पशु मूल की सामग्री नहीं होनी चाहिए। जांच में सामने आई निर्माण प्रक्रिया को खाद्य सुरक्षा मानकों के विरुद्ध बताया गया है। कार्रवाई के विवरण में लंबे समय तक एल्युमिनियम के संपर्क से गुर्दों, तंत्रिकाओं और हड्डियों को नुकसान पहुंचने के जोखिम का भी उल्लेख किया गया है।