मध्य प्रदेश में गणेश विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों के डूबने से मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता बताए जा रहे हैं. एक अधिकारी ने बताया कि धार में, जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर बदनावर के डोलची रोड पर स्थित एक तालाब में गणेश विसर्जन के दौरान तीन युवक डूब गए.उन्होंने बताया कि पवन उर्फ कन्हैया राठौर (19), राहुल प्रजापत (20) और निहाल भांभी (21) के शव बरामद कर लिए गए हैं.

साथ ही, सीहोर में गणेश विसर्जन के लिए गहरे पानी में उतरने पर सिलाखेड़ा निवासी 16 वर्षीय अतुल अहिरवार डूबने की जानकारी भी सामने आई है. ग्रामीणों के अनुसार, अतुल को 30 मिनट बाद बाहर निकाला गया और अहमदपुर व बाद में दोराहा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा ने बताया कि भिंड में, 16-17 साल की उम्र के तीन लड़के शाम करीब 4.30 बजे कनावर गांव के पास सिंध नदी में विसर्जन के लिए उतरे और लापता हो गए. लापता लड़कों की पहचान कृष्णा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया के तौर पर हुई है.

वहीं, खंडवा में शाम करीब 4.30 बजे गणेश विसर्जन के लिए नहालदा गांव के पास पानी से भरी एक खदान में पांच लड़के उतरे और डूबने लगे. पुलिस ने बताया कि स्थानीय युवाओं ने उनमें से तीन को तो बचा लिया, लेकिन विश्वास (17) और लक्ष (16) लापता हो गए.


Tags: