वनकर्मियों को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पीटा, महिला अफसर हुई घायल

Update: 2023-06-17 13:56 GMT
विदिशा। जिले के शमशाबाद वन परिक्षेत्र के जीरापुर गांव में शनिवार की सुबह अतिक्रमण हटाने गए वन अमले को कंजर और बंजारा समुदाय के सौ से अधिक महिला, पुरुषों ने दौड़ा – दौड़ाकर पीटा। इस दौरान उन्होंने वन परिक्षेत्र अधिकारी ( रेंजर) संगीता अमलतास का पत्थर से सिर फोड़ दिया, वहीं चार अन्य वन कर्मियों को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। उनका उपचार शमशाबाद सरकारी अस्पताल में चल रहा है। वन परिक्षेत्र अधिकारी संगीता अमलतास ने बताया कि एक दिन पहले शुक्रवार को जीरापुर के कमेड़ी वन क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर टपरे बनाने की जानकारी मिली थी, तब उन्होंने कुछ वनकर्मियों को भेजकर टपरे बनाने का काम रुकवा दिया था।
शनिवार सुबह फिर सूचना मिली की बड़ी संख्या में लोग वन क्षेत्र में रहने के लिए कच्चे घर बना रहे है। सुबह करीब दस बजे वे करीब 12 कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची। यहां एक – दो टपरे बन गए थे, उसे हटाने के दौरान ही विवाद बढ़ गया। सौ से अधिक महिला – पुरुषों ने उन्हें घेर लिया। उनके हाथ में डंडे और पत्थर थे। अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश देने पर वे भड़क गए और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। वन कर्मियों ने भागने का प्रयास किया तो समूह के लोग उनके पीछे भागकर पथराव करने लगे। इस दौरान दो –तीन पत्थर उनके सिर पर आकर लगे, जिससे सिर पर गंभीर चोट आ गई है। इधर, डीएफओ ओमकार सिंह मरकाम ने बताया कि चार नामजद सहित 90 अन्य लोगों के खिलाफ शमशाबाद पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में हमेशा से ही वन क्षेत्र में अतिक्रमण बड़ी समस्या रही है। पिछले कुछ दिनों में शमशाबाद वन परिक्षेत्र से करीब 65 हेक्टेयर जंगल से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News

-->