कंटेनर के केबिन से उठीं आग की लपटें, ड्राइवर ने समय रहते बचाई जान
मचा हड़कंप.
ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे में घोड़बंदर रोड पर शनिवार दोपहर एक चलते कंटेनर के केबिन में अचानक आग लग गई। घटना पातलीपाड़ा ब्रिज के पास होराइजन हॉस्पिटल के सामने हुई। चालक ने समय रहते कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और सुरक्षित बाहर निकल गया। दमकल विभाग की टीम ने करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कंटेनर का केबिन पूरी तरह जल गया।
आपदा प्रबंधन विभाग को शनिवार दोपहर 1:07 बजे कंटेनर में आग लगने की सूचना मिली। यह घटना घोड़बंदर से ठाणे की ओर जाने वाली लेन पर हुई थी। जानकारी मिलते ही कासारवडवली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
आग वसई से पुणे की ओर जा रहे टाटा कंटेनर में लगी थी। कंटेनर खाली बताया गया है। यात्रा के दौरान चालक को केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को समझते हुए उसने तुरंत वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा किया और बाहर निकल गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल विभाग ने एक फायर इंजन और एक रेस्क्यू वाहन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास किए। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद दोपहर 1:45 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि कंटेनर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
कंटेनर में आग लगने के कारण घोड़बंदर रोड पर कुछ समय के लिए भारी ट्रैफिक जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमों ने यातायात को व्यवस्थित किया। इसके बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई।
प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। चालक की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से किसी बड़ी जनहानि को टाल दिया गया।