पांच युवकों की भीषण सड़क हादसे में मौत, गांव में पसरा मातम

एक साथ उठी 4 अर्थियां

Update: 2026-06-01 10:30 GMT
Pali. पाली। जिले के सुमेरपुर क्षेत्र के बापूनगर गांव के पांच युवकों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। सभी युवक रामदेवरा दर्शन कर लौट रहे थे, तभी फलोदी जिले के मंडला कला के पास शनिवार शाम निजी बस और उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उपचार के दौरान सभी की मौत हो गई। घटना के बाद रविवार शाम जब चार युवकों के शव बापूनगर पहुंचे तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। जैसे ही एंबुलेंस गांव में पहुंची, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। गांव में सन्नाटा पसरा रहा, अधिकांश दुकानें बंद रहीं और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। लोग शवों के इंतजार में सड़कों पर खड़े नजर आए।

पहली एंबुलेंस शाम करीब छह बजे गोविंद कुमार का शव लेकर पहुंची। शव देखते ही परिजन टूट पड़े। इसके बाद कुछ ही देर में दूसरी एंबुलेंस में प्रकाश कुमार, अशोक कुमार और दलपत कुमार के शव गांव पहुंचे। एक अन्य मृतक अशोकराम का शव पोसालिया ले जाया गया। बाद में बापूनगर श्मशान घाट में चारों का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा फलोदी जिले के मंडला कला गांव के पास शाम करीब 7:45 बजे हुआ। कार सुमेरपुर की ओर लौट रही थी, जबकि निजी बस रामदेवरा से देचू की ओर जा रही थी। 85 मील फाटा के पास दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में बापूनगर सुमेरपुर निवासी दलपत कुमार, पालड़ी जोड़ निवासी अशोक राम, प्रकाश कुमार और अशोकराम की मौके पर या इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि गोविंद कुमार ने जोधपुर एमडीएम अस्पताल में दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, सभी युवक रामदेवरा दर्शन के लिए गए थे। इससे पहले उन्होंने मुंडारा माताजी और ओम बन्ना के दर्शन भी किए थे। लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। परिजनों के अनुसार, मृतकों में कई अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। गोविंद के छोटे बच्चे हैं और पत्नी गर्भवती है, जबकि अशोकराम और दलपत भी अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। प्रकाश और अशोक अविवाहित थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
Tags:    

Similar News