धर्म परिवर्तन किये युवक के साथ बच्‍चों को जिंदा जलाने की कोशिश, प्रधान सहित पांच आरोपी फरार

यूपी के रायबरेली में धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम से हिंदू बने एक युवक को बच्चों समेत जिंदा जलाने का प्रयास

Update: 2021-01-03 17:17 GMT

धर्म परिवर्तन किये युवक के साथ बच्‍चों को जिंदा जलाने की कोशिश, प्रधान सहित पांच आरोपी फरार

जनता से रिश्ता वेबडेस्क :  रायबरेली | यूपी के रायबरेली में धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम से हिंदू बने एक युवक को बच्चों समेत जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। घटना को अंजाम देने से पहले अराजक तत्‍वों ने बाहर से दरवाजे में ताला लगा दिया। इसके बाद घर के छप्पर में आग लगा दी। आग की लौ घर के अंदर पहुंची तो बच्‍चों ने चीख-पुकार मचाना शुरू कर दिया। किसी तरह पीछे का दरवाजा तोड़कर युवक ने अपनी और बच्‍चों की जान बचाई। सूचना मिलते ही भारी तादात में पुलिसबल और हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने गांव के प्रधान समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, सलोन कोतवाली क्षेत्र के गांव अतागंज रतासो में देव प्रकाश पटेल अपने दो बेटों देवनाथ (5), दीनदयाल (4) और बेटी दुर्गा देवी (3) के साथ रहता था। चार महीने पहले 2 सितंबर को युवक ने अपने बच्‍चों के साथ वैदिक विधि-विधान से मुस्लिम धर्म त्यागकर हिंदू धर्म अपनाया था। गत शनिवार को देव प्रकाश बच्‍चों के साथ खाना खाने के बाद सो रहा था। देररात लगभग ढाई बजे कुछ लोगों ने बाहर के दरवाजे में ताला लगाकर छप्‍पर में आग लगा दी। देव प्रकाश पटेल ने गांव के प्रधान ताहिर, द्वारिका सिंह, रेहान उर्फ सोनू, अली अहमद, इम्तियाज और मदरसे के लोगों पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।

गांव में तैनात पुलिस फोर्स, आरोपियों की तलाश में दबिश
हिंदूवादी संगठन बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आक्रोशित पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह उनको शांत कराया। थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया। नामजद आरोपियों के घर पर दबिश दी जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिसफोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं, एसपी श्‍लोक कुमार ने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच चल रही है। दोषी जल्‍द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।


Tags:    

Similar News

-->