Gujrat गुजरात: जिले के गांधीधाम स्थित कांडला स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब Texwool Textile कंपनी की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग गांधीधाम स्थित औद्योगिक क्षेत्र में लगी, जहां बड़ी संख्या में टेक्सटाइल इकाइयां संचालित होती हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल चार फायर टेंडर मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में मौजूद कच्चे माल और मशीनरी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाकों को एहतियातन खाली करा लिया गया है, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग पर पू री तरह काबू पाने में कुछ और समय लग सकता है। जैसे ही आग बुझा ली जाएगी, उसके बाद विस्तृत जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल, राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है।