रिकांगपिओ। दीपावली पर्व के मद्देनजर किन्नौर में अग्निशमन विभाग ने आगजनी की घटनाओं को रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कमर कस ली है। विभाग ने जिले में पटाखों की बिक्री के लिए 57 विक्रेताओं को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किए हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अग्निशमन कर्मचारियों की दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। दीपावली के दौरान विशेष परिस्थितियों को छोडक़र कर्मचारियों के अवकाश पर भी रोक लगाई गई है। अग्निशमन केंद्र रिकांगपिओ की ओर से जारी एनओसी के तहत रिकांगपिओ मुख्यालय क्षेत्र में 42, जबकि सांगला और भावानगर क्षेत्रों में 12-12 पटाखा विक्रेताओं को अनुमति दी गई है। सभी विक्रेताओं को अग्निशमन निदेशालय हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने रिकांगपिओ में पटाखों की बिक्री के लिए कॉलेज मैदान को निर्धारित किया है, जहां दो दिनों तक पटाखे बेचे जा सकेंगे। विभाग की ओर से बिक्री स्थलों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। विक्रेताओं को अग्निशामक यंत्र, पानी और रेत की व्यवस्था रखने, विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्धारित सीमा से अधिक पटाखों का भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग ने दीपावली के दौरान त्वरित सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। अग्निशमन वाहनों, उपकरणों और अन्य संसाधनों की जांच कर उन्हें पूरी तरह कार्यशील रखा गया है। वाहनों में पानी भरने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और पर्याप्त जल उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा सांगला और भावानगर अग्निशमन चौकियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।