महिला एआरटीओ ने ट्रक ड्राइवर को मारा थप्पड़...तीखी नोकझोंक का वीडियो सामने आया, मचा हड़कंप
वीडियो वायरल.
उन्नाव: उन्नाव के दही थाना क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात करीब दो बजे एआरटीओ प्रवर्तन प्रतिभा गौतम ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रही थीं. उन्होंने हमीरपुर नंबर के गिट्टी लदे डंपर को पकड़कर तौल के लिए धर्म कांटे पर भेजा. वहां डंपर का जीपीएस लॉक होने और अन्य ड्राइवरों के विरोध के कारण विवाद बढ़ गया. इस दौरान एक ड्राइवर द्वारा एआरटीओ की गाड़ी की चाबी निकालने पर अधिकारी ने उसे थप्पड़ जड़ दिया. विवाद बढ़ता देख महिला अधिकारी ड्राइवर को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गईं और संबंधित डंपर को सीज कर दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि पहले एआरटीओ प्रतिभा गौतम और ड्राइवरों के बीच बहस होती है. जब अधिकारी की गाड़ी मुड़कर जाने लगती है, तभी मोबाइल छीनने और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए ड्राइवर विरोध करते हैं.
इसी बीच एक चालक मोबाइल लेने की कोशिश करता है, तभी प्रतिभा गौतम गाड़ी से फिल्मी अंदाज में उतरती हैं और उसे एक जोरदार थप्पड़ जड़ देती हैं. वह कहती हैं कि चालक ने शराब पी रखी है और उसे खींचकर अपनी गाड़ी में बैठा लेती हैं.
वीडियो बना रहा युवक, जिसने अपना नाम गोलू बताया, लगातार कहता रहा कि "मैडम आप गलत कर रही हैं." उसने दावा किया कि उसके यूट्यूब पर 5 लाख फॉलोअर्स हैं और इस व्यवहार के लिए अधिकारी को माफी मांगनी पड़ेगी.
युवक ने गाड़ी का नंबर दिखाते हुए यह भी आरोप लगाया कि प्राइवेट आदमी गाड़ी में बैठा है और नंबर प्लेट भी सही नहीं है. मौके पर मौजूद ड्राइवरों का आरोप था कि पकड़े गए डंपर के कारण उनका रास्ता बाधित हो रहा था और विरोध करने पर उनके साथ बदसलूकी की गई.
दिलचस्प बात यह है कि 12 नवंबर 2025 को एटीएस ने अवैध वसूली के मामले में जिन आरटीओ और एआरटीओ अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया था, उनमें प्रतिभा गौतम का नाम भी शामिल था. इस घटना पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि डंपर का जीपीएस खराब होने से जाम लगा था. वहां मौजूद ड्राइवरों ने हंगामा किया और एक नशे में धुत ड्राइवर ने उनकी सरकारी गाड़ी की चाबी निकाल ली थी, जिसके बाद उन्हें हस्तक्षेप करना पड़ा. उन्होंने हाइड्रा मशीन बुलवाकर वाहन हटवाया और विधिक कार्रवाई की.