मीठी बातों में फंसा किसान, फिर महिला ने कर दिया बड़ा खेल
जानें पूरा मामला.
भिंड: मध्यप्रदेश के भिंड जिले में हनीट्रैप का मामला सामने आया है. जहां हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग करने वाले गैंग का पर्दाफाश हुआ है. देहात थाना पुलिस ने एक 53 साल के किसान की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर किसान के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर SC/ST एक्ट में फंसाने की धमकी देकर 4 लाख रुपये मांगने का आरोप है.
दरअसल, हरनाथपुरा के रहने वाले 53 साल के किसान को बेबी नाम की महिला ने अपनी मीठी बातों में उलझाया. फिर उसके साथ संबंध बनाए. इस दौरान किसान के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए. इसके बाद बेबी ने अपने साथी विश्व वीर के साथ मिलकर किसान को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. महिला ने किसान को झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी और चार लाख रुपयों की डिमांड करने लगी. पीड़ित किसान का कहना है कि महिला की धमकी से डरकर उसने एक लाख रुपये दे दिए थे. इसके बाद भी वह पैसों की डिमांड करती रही.
जब महिला ने परेशान करना बंद नहीं किया तो किसान सीधे देहात थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी बात बताई. इसके बाद पुलिस ने प्लानिंग तैयार की. पुलिस ने किसान से महिला को कॉल करवाई और पैसे देने की बात कही. एक जगह तय हुई, जहां महिला से मिलने की बात हुई. फिर किसान महिला को पैसे देने के लिए चला गया.
किसान 50000 रुपये लेकर गया था. जब वह आरोपी महिला बेबी के पास पहुंचा और पैसे देने लगा, उसी बीच देहात थाना पुलिस ने महिला को पकड़ लिया और इसके बाद उसके साथी विश्ववीर को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस दोनों को थाने ले आई और पूछताछ की. पुलिस को आरोपी महिला बेबी और विश्ववीर ने बताया है उनका इस काम में ममता और बबलू नाम के आरोपी भी साथ दे रहे थे. पुलिस अब ममता और बबलू की तलाश कर रही है.
थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह ने कहा कि फरियादी ने शिकायत में बताया था कि एक महिला ने रिश्तेदार बनकर बात की, फिर उसे मिलने बुलाया. इसके बाद उसके फोटो वीडियो बना लिए. फिर वह धमकाकर चार लाख रुपये की डिमांड करने लगी. एक लाख रुपये पहले ही ले चुकी थी. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक-दो आरोपी अभी फरार हैं. यह दोनों आरोपी पहले भी ऐसा काम कर चुके हैं.