फेमस यूट्यूबर और मां की सड़क हादसे में मौत, महाकाल के दर्शन के लिए निकला था परिवार
पढ़ें पूरी खबर.
हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की रहने वाली और 7 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स वाली 23 वर्षीय मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय की सड़क हादसे में मौत हो गई. इस हादसे में उनकी 50 वर्षीय मां सारिका की भी जान चली गई. हादसा मंगलवार को मध्य प्रदेश में हुआ था. आज उनका शव हाथरस के महौखास गांव लाया जायेगा. इलाके में शोक की लहर है.
आपको बता दें कि यह दुर्घटना उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास हुई, जब उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए कार से जा रहे परिवार की गाड़ी आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी. इस हादसे में छवि वार्ष्णेय के पिता श्यामलाल, समधी सूरजपाल और ड्राइवर सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात छवि अपने पिता, मां, समधी और ड्राइवर सचिन के साथ कार से उज्जैन महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुई थीं. रास्ते में रामाखेड़ी गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. छवि और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. एनएचएआई की एंबुलेंस से शवों को बड़ौद के शासकीय अस्पताल लाया गया.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ौद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी. बड़ौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर विजेंद्र चूड़िहार ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल आगर के लिए रेफर कर दिया गया. पुलिस ने मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
छवि के चचेरे भाई सचिन ने बताया कि वह पढ़ाई में अव्वल थीं और ग्रेजुएशन तक शिक्षा प्राप्त की थी. उन्होंने 2021 में यूट्यूब चैनल बनाकर डेली लाइफ व्लॉग्स और ऑनलाइन गेमिंग वीडियो डालना शुरू किया था. उनके यूट्यूब पर 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स और इंस्टाग्राम पर 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे. किराना दुकान चलाने वाले पिता श्यामलाल और परिवार ने छवि के काम का हमेशा पूरा समर्थन किया था.