नकली RO फैक्ट्री का भंडाफोड़: 2900 से ज्यादा फर्जी फिल्टर जब्त, तलाश जारी...
नकली फिल्टर पर ब्रांडेड लेबल, उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरा
Delhi दिल्ली: पुलिस ने पुल प्रह्लादपुर इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर एक नकली RO फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में पुलिस ने 2900 से अधिक नकली RO वॉटर प्यूरीफायर फिल्टर बरामद किए, जिन पर बड़े-बड़े ब्रांडों के लेबल चिपकाए गए थे। फैक्ट्री के मालिक मोहम्मद तबरेज को मौके पर गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, तबरेज शाहीन बाग का निवासी है और पिछले 9 महीनों से पुल प्रह्लादपुर में किराए पर फैक्ट्री चलाकर नकली फिल्टर बना रहा था। आरोपी पैसों के लालच में नकली फिल्टर पर ब्रांडेड लेबल लगाकर उन्हें बाजार में बेच रहा था, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरा था। पुलिस इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से नकली RO मेम्ब्रेन, पैकेजिंग सामग्री और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने 27 मई को कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तबरेज मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का निवासी है और 2011 में दिल्ली आया था। इससे पहले वह बैटरी के काम में जुड़ा था और बाद में RO फिल्टर बनाने का काम सीखकर इस अवैध कारोबार की शुरुआत की। पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई से नकली उत्पादों की बिक्री और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ रोकने में मदद मिलेगी। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी जुड़े व्यक्तियों की पहचान कर रही है।