सिविल लाइन में फर्जी पुलिस बनकर ठगी, बुजुर्ग महिला से चेन लेकर फरार

डर दिखाकर महिला से सोने की चेन उतरवाई, आरोपी फरार

Update: 2026-04-05 14:18 GMT
Chhatarpur छतरपुर: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया और उसकी सोने की चेन लेकर फरार हो गए। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है, जब पीड़ित महिला किरण यादव घर से दूध लेने निकली थीं। महिला के अनुसार, वह ‘अंजना दूध डेयरी’ से दूध लेकर लौट रही थीं, तभी रास्ते में बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि आगे चेकिंग चल रही है, इसलिए बुजुर्ग महिलाओं को ज्यादा सोना पहनने की अनुमति नहीं है।


आरोपियों ने महिला पर दबाव बनाते हुए कहा कि यदि उन्होंने चेन नहीं उतारी तो कार्रवाई की जा सकती है। पहले महिला ने विरोध किया, लेकिन ठगों ने डर और भ्रम का माहौल बनाकर उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया। इसी दौरान उन्होंने महिला से सोने की चेन उतरवा ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।
Tags:    

Similar News