हाई-प्रोफाइल क्लबों में एक्सपायरी फूड परोसी जा रही थी, 5 का फूड लाइसेंस रद्द
पढ़े पूरी खबर
फाइल फोटो
मुंबई। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने सोमवार को मुंबई के पांच प्रमुख क्लबों के FSSAI लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं. FDA ने इन क्लबों की जांच के दौरान फूड सेफ्टी और साफ-साफाई के निमयों के गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर ये कार्रवाई की है. जांच में क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया, आरके जूहू जिमखाना, द अपर्णा जुहू जिमखाना, एमआईजी क्रिकेट क्लब और द विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब में कॉकरोच, गंदगी, एक्सपायर्ड खाना और कीटों का प्रकोप पाया गया. इसके अलावा मालाड वेस्ट स्थित गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब को बिना वैध लाइसेंस के काम कर रहा था, जिसे जांच टीम ने तुरंत काम बंद करने का आदेश दिया.
FDA ने कहा कि कई संस्थान फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 और संबंधित नियमों का उल्लंघन करते पाए गए. इनमें साफ-सफाई, कीड़ों की रोकथाम (पेस्ट कंट्रोल), फूड स्टोरेज और साफ-सफाई के तरीकों में बड़ी कमियां पाई गईं.
एफडीए ने अपनी कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि FDA ने 27 जुलाई को बृहन्मुंबई के सात खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण अभियान चलाकर पांच प्रमुख संस्थानों के एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, जिनमें द क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया लिमिटेड, RK जुहू जिमखाना, द अपर्णा जुहू जिमखाना, MIG क्रिकेट क्लब (बांद्रा ईस्ट) और द विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब शामिल हैं. FDA ने कहा कि पांच संस्थानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए, एक को कामकाज बंद करने का आदेश दिया गया और एक को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया.
एफडीए ने कहा कि निरीक्षण के दौरान द क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया लिमिटेड में फूड हैंडलिंग वाले इलाके में जिंदा कॉकरोच और मक्खियों का प्रकोप मिला. वहां कचरा निपटान की खराब व्यवस्था, कोल्ड स्टोरेज में रखे खाने पर पानी टपकना, बंद नालियां, सड़ी-गली सब्जियां और एक्सपायर्ड हो चुके फूड आइटम रखे मिले. इसके अलावा अधिकारियों ने सही फूड लेबलिंग न होने, FIFO/FEFO सिस्टम का पालन न करने, शाकाहारी और मांसाहारी खाना बनाने की जगहों के बीच अलग-अलग व्यवस्था न होने और क्रॉस-कंटैमिनेशन (एक खाने से दूसरे में गंदगी फैलने) के जोखिम की ओर भी इशारा किया.