इवेंट ऑर्गेनाइजर ने किया सुसाइड, जूझ रही थी ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से
पढ़े पूरी खबर
यूपी। इटावा के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक इवेंट ऑर्गेनाइजर ने ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। जान देने से पहले इवेंट ऑर्गेनाइजर ने अपने दोस्तों पर इल्जाम लगाते हुए एक वीडियो बनाकर अपने पति को भेजा। एक मिनट 43 सेकेंड के इस वीडियो में महिला बोल रही है कि ‘गाइज, मैं फांसी लगाने जा रही हूं। फांसी लगाने की वजह कानपुर के कल्याणपुर के बारासिरोही निवासी रुबी खान, शबीना खान और ब्रह्मनगर चौराहा के अभिषेक सिंह और उसका बेस्ट फ्रेंड रितेश रॉय है। मेरी मौत के बाद इनको उम्रकैद की सजा हो’।
पुलिस ने बताया कि कानपुर के कल्याणपुर की रहने वाली 26 वर्षीय इवेंट ऑर्गेनाइजर कोमल की शादी उसी के मोहल्ले के रहने सौरभ द्विवेदी के साथ साढ़े तीन साल पहले हुई थी। पति बढ़पुरा ब्लॉक कार्यालय में नौकरी करता है। शादी के बाद कोमल अपने ढाई साल की बेटी और चार महीने के बेटे और पति के साथ वृंदावन कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगी थी। सोमवार देर रात 11:30 बजे पति गाड़ी में पेट्रोल डलवाने और खाना लेने घर के बाहर गया था। घर में कोमल अपने बच्चों के साथ थी। उसने दोनों बच्चों को सुलाने के बाद दूसरे कमरे में जाकर फांसी का फंदा गले में डालकर एक वीडियो क्लिप बनाई और पति को भेज दी।
वीडियो देख पति के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन फानन में वह घर पहुंचा लेकिन तब तक कोमल ने फांसी लगा ली थी। पति कोमल को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचा, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सौरभ ने कोमल द्वारा भेजे गए वीडियो क्लिप को पुलिस को सौंप दिया है। वीडियो में कोमल फंदा लगाकर खड़ी है। कोमल ने कहा कि रुबी खान, शबीना खान, अभिषेक सिंह और रितेश रॉय मेरी मौत के जिम्मेदार हैं। ये लोग मेरा घर बर्बाद कर रहे हैं। मेरे पति बहुत अच्छे हैं। इनका कोई दोष नहीं है। इटावा एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो क्लिप की सत्यता की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर कार्रवाई होगी। वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाएगी।