चीख-पुकार में बदली शाम! बस के उड़े परखच्चे 5 की गई जान, 20 घायल
बस और बल्कर पलटे
Reva रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल हो गए। हादसा गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार के पास हुआ, जहां रीवा से सीधी जा रही यात्री बस की सामने से आ रहे बल्कर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बदवार के पास हुआ भीषण हादसा
जानकारी के मुताबिक, यात्री बस रीवा से सीधी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बदवार के पास सामने से आ रहे बल्कर ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार कई यात्री क्षतिग्रस्त वाहन के अंदर फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
पुलिस-प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरन सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। राहत-बचाव के लिए जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद ली गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर क्षतिग्रस्त वाहनों से यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
5 लोगों की मौत, 20 यात्री घायल
जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर की मुख्य वजह क्या थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे की जांच में जुटी हैं। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।