बढ़ी गुटबाजी: कांग्रेस नेता आपस में भिड़े, मौजूद थे प्रभारी भूपेश बघेल
देखें वीडियो.
मलेरकोटला: पंजाब में कांग्रेस के ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के आखिरी दिन की शुरुआत में स्टेज पर चढ़ने के लिए जिला मलेरकोटला के कांग्रेस नेता आपस में भिड़ गए। पूर्व एमएलए जसवीर सिंह जस्सी जब स्टेज पर चढ़ने लगे तो पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना के पक्ष के कांग्रेस नेताओं ने उन्हें स्टेज पर चढ़ने से रोक दिया।
जस्सी खंगूड़ा और रजिया सुल्ताना के समर्थकों में पहले धक्का-मुक्की हुई और उसके बाद रजिया सुल्ताना के समर्थकों ने हाथापाई शुरू कर दी। करीब पांच मिनट तक बैठक स्थल पर दोनों पक्षों में हाथापाई होती रही। पुलिस को दोनों पक्षों को अलग करने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
उसके बाद राजा वड़िंग नीचे उतरे और उन्होंने दोनों पक्षों को शांत करवाया। समर्थक दोबारा न भिड़ें इसके लिए बीच में पुलिस खड़ी कर दी गई और राजा वडिंग समर्थकों के साथ जमीन पर बैठ गए। राजा वड़िंग ने अपना संबोधन भी जमीन पर खड़े होकर ही किया।
इस मौके पर पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा खन्ना में चन्नी गुट के समर्थकों ने बड़े स्तर पर होर्डिंग्स लगाए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बैठक में शामिल होने की अपील की है।
जस्सी खंगूड़ा और रजिया सुल्ताना में पहले से अनबन चल रही है। कुछ दिन पहले मलेरकोटला हाउस फेसबुक पेज पर एक फोटो पोस्ट की गई जिसमें जस्सी खंगूड़ा को भी उनके साथ दिखाया गया। उसके बाद जस्सी खंगूड़ा ने पोस्ट डालकर बताया कि यह फोटो फेक है और उसके साथ उन्होंने असली फोटो पोस्ट की है।
मलेरकोटला में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमीनी स्तर पर अलग-अलग गुट सक्रिय हैं। वहीं, खन्ना में ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ कार्यक्रम के बाद भूपेश बघेल और राजा वड़िंग चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। चंडीगढ़ पहुंचने के बाद राजा वड़िंग और भूपेश बघेल रात को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान पिछले नौ दिनों में हुई बैठकों की समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। दोनों नेता यह रिपोर्ट अगले दिन दिल्ली में केसी वेणुगोपाल के समक्ष पेश करेंगे।
पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने बताया कि ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के पहले चरण में मालवा के जिलों में बैठकें की गई हैं। खन्ना में कार्यक्रम के साथ मालवा के सभी जिलों में बैठकों का पहला चरण पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में दोआबा के जिलों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। नवांशहर में एक कार्यक्रम हो चुका है और जल्द ही दोआबा के अन्य जिलों में भी बैठकें शुरू की जाएंगी।
भूपेश बघेल ने बताया कि फिलहाल ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के तहत जिला स्तर पर बैठकें की जा रही हैं। दोआबा और माझा में बैठकों के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भी इसी तरह की बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार नई रणनीति के साथ पंजाब में चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।