भड़के दामाद ने 5 लोगों पर तलवार से किया हमला, खुद की ही गई जान
जानें पूरा मामला.
फतेहपुर: फतेहपुर जिले के ओंग थाना क्षेत्र स्थित बीकमपुर गांव में बुधवार रात पारिवारिक विवाद से परेशान दामाद पवन कुमार ने अपनी ससुराल में सो रहे पांच लोगों पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पत्नी से चार साल पुराने विवाद और बच्चों से बात न हो पाने से परेशान पवन अपनी ससुराल आया था. रात में उसने सो रहे साले के तीन बेटों, छोटे साले और उसकी पत्नी पर धारदार हथियार से वार कर दिया. हमले में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आत्मरक्षा में आरोपी पवन को घेर लिया और मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गई.
वारदात को लेकर मृतक पवन के पिता राम सजीवन का बयान सामने आया है. पिता ने बताया कि घटना वाले दिन शाम साढ़े पांच बजे पवन घर से निकला था और रात आठ बजे वापस आया. वह सिर्फ 15 मिनट घर रुका और काफी घबराया हुआ था. हाथ जोड़कर पूछने पर भी उसने कुछ नहीं बताया. पिता के अनुसार, चार साल पहले विवाद के बाद पत्नी बच्चों को लेकर गुजरात चली गई थी. पत्नी और ससुराल वाले पवन की बच्चों से बात नहीं कराते थे, जिससे वह बेहद तनाव में रहता था.
बुधवार शाम करीब पांच बजे पवन अपने 55 वर्षीय बड़े साले राजू को बेटे की शादी के लिए लड़की दिखाने के बहाने साथ ले गया. कुछ घंटे बाद वह अकेले लौटा और पूछने पर बताया कि राजू गांव में हैं. इसके बाद पवन ने ससुराल में खाना खाया और सो गया. रात करीब दो बजे उसने सो रहे गोरे, प्रदीप और खाटू उर्फ राजकरन पर तलवार से हमला किया. चीख-पुकार सुनकर बचाओ में आए छोटे साले राजेश और उसकी पत्नी बुद्धा पर भी उसने वार कर दिए.
एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि रात करीब 3:15 बजे सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहां पवन मृत मिला और पांचों परिजन घायल पड़े थे. घायलों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर से कानपुर रेफर किया गया है. पुलिस जांच में सामने आया कि आत्मरक्षा के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पवन से हथियार छीनने का प्रयास किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई. गायब साले राजू की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.