बिहार। अररिया जिले में शुक्रवार की देर रात एसटीएफ की अपराधियों से मुठभेड़ हो गई है. एनकाउंटर में तनिष्क शोरूम लूट कांड का आरोपी घायल हुआ है. जबकि एसटीएफ के पांच जवान भी जख्मी हो गए हैं. एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधकर्मी चुनमुन झा को गोली लगी है. वहीं एसटीएफ जवान भी घायल हुए हैं. सभी को अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दरअसल, शनिवार सुबह अररिया पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ कुख्यात अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए जुटे हैं. जिसके बाद जिला पुलिस और एसटीएफ ने दबिश की. एसटीएफ को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन अपराधियों ने उन पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की गोली से एक अपराधी घायल होकर गिर पड़ा. हालांकि एक बदमाश भागने में सफल रहा.
"आज तड़के सुबह एसटीएफ विशेष कार्य बल को इनफॉर्मेशन था, उसी सूचना पर छापेमारी की गई. उसी दौरान दो अपराधी भागने लगे. उन्हें रोकने की बार-बार कोशिश की गई लेकिन अपराधियों ने गोली चला दी. आत्मरक्षा में एसटीएफ ने भी गोली चलाई, जिसमें एक को गोली लगी है. हालांकि दूसरा भागने में सफल रहा है. हमारे एसटीएफ के भी तीन जवान घायल हुए हैं."- अंजनी कुमार, पुलिस अधीक्षक, अररिया