जम्मू। पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है. भारतीय सेना ने एक बयान में बताया कि ऑपरेशन 'लसाना' के तहत, जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ तालमेल बिठाते हुए, जवानों ने लसाना इलाके में आतंकियों के खिलाफ एक संयुक्त अभियान चलाया है. सेना ने बताया कि कल रात दुश्मनों के साथ संपर्क स्थापित किया गया था, और इस अभियान में अतिरिक्त सैनिकों की मदद भी ली गई.
जम्मू-कश्मीर में आतंकी घुसपैठ की कोशिशें बढ़ गई हैं. इस क्षेत्र में भारतीय सेना के आतंकवाद विरोधी अभियान भी तेज हो गए हैं. पहले अधिकारियों ने बताया था कि आतंकियों को दबोचने के लिए इलाके में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
बीते दिनों, किश्तवाड़ के छत्रू इलाके में हुई एक मुठभेड़ में भारतीय सेना ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया. मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकियों से एक अमेरिकी M4 कार्बाइन असॉल्ट राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए थे. इनमें एक M4 राइफल, दो AK-47 राइफलें, 11 मैगजीन, 65 M4 गोलियां और 56 AK-47 गोलियां शामिल थीं.