Mumbai मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में महायुति गठबंधन ने आगामी चुनावों को लेकर अपनी रणनीति तेज कर दी है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोमवार को महायुति समन्वय समिति की बैठक के बाद कहा कि गठबंधन के भीतर समन्वय बनाए रखने और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के लिए विस्तृत चर्चा हुई। बावनकुले ने बताया कि महायुति गठबंधन ने एक मंच तैयार किया है, जिसके तहत नियमावली बनाई गई है। बैठक में इसी नियमावली और गठबंधन की भविष्य की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार समेत गठबंधन के प्रमुख नेता मौजूद रहे।
जनता से किए वादों को पूरा करने पर जोर
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि एनडीए और महायुति ने जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की कर्ज माफी और बिजली बिल माफी जैसे फैसले सरकार की उपलब्धियां हैं, जिन्हें जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार महायुति के एजेंडे को आगे बढ़ाने का काम करेगी। सरकार की योजनाओं और फैसलों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे।
आने वाले चुनाव गठबंधन के साथ लड़ने का फैसला
बावनकुले ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव, नगर पंचायत चुनाव और अन्य सभी चुनाव महायुति गठबंधन के रूप में मिलकर लड़े जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि आगामी चुनावों में किस सीट से कौन उम्मीदवार उतरेगा और गठबंधन की रणनीति क्या होगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी दल मिलकर चुनावी मैदान में उतरेंगे और संगठन के स्तर पर बेहतर तालमेल बनाया जाएगा।
हर दो महीने में होगी समन्वय समिति की बैठक
मंत्री बावनकुले ने बताया कि महायुति के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए इस तरह की बैठक हर दो महीने में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल दलों के बीच संवाद और समन्वय मजबूत रखना जरूरी है, ताकि सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर काम सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
सियासी बदलाव की अटकलों पर विपक्ष पर हमला
महाराष्ट्र में राजनीतिक बदलाव की चल रही अटकलों पर चंद्रशेखर बावनकुले ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष डरा हुआ है और जानता है कि जब तक देवेंद्र फडणवीस सत्ता में रहेंगे, तब तक उनकी राजनीति नहीं चल पाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर इस तरह की बातें फैलाकर भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहा है। महायुति नेताओं का कहना है कि गठबंधन पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है और आने वाले चुनावों में सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएगा।
Tags: