वायरल वीडियो। रसोई में की गई एक छोटी-सी गलती कभी-कभी खतरनाक नतीजे दे सकती है. सोशल मीडिया पर हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो ने इस खतरे को फिर से चर्चा में ला दिया है.क्लिप में एक महिला ने उबले अंडे को माइक्रोवेव में दोबारा गरम किया, लेकिन जैसे ही उसने अंडे को बाहर निकालकर चाकू से काटा, अंडा अचानक धमाके के साथ फट गया. उसमें से निकली भाप सीधे महिला के चेहरे और आंखों पर लगी और वह जल गई. ये कोई इत्तेफाक नहीं था, बल्कि इसके पीछे वैज्ञानिक कारण हैं.
विशेषज्ञों के अनुसार, जब उबले अंडे को माइक्रोवेव में गरम किया जाता है, तो अंडे के अंदर मौजूद पानी और हवा के छोटे-छोटे पॉकेट्स तेजी से गरम होकर भाप बना लेते हैं.माइक्रोवेव पानी के अणुओं को बहुत तेज गति से गरम करता है, लेकिन अंडे का छिलका या झिल्ली इस भाप को बाहर नहीं निकलने देती.
इससे अंडे के अंदर दबाव बढ़ता जाता है, जैसे ही अंडे को काटा या छेदा जाता है, यह दबाव अचानक बाहर निकलता है और अंडा धमाके की तरह फट जाता है. अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थैल्मोलॉजी के अनुसार, ऐसे धमाके से निकलने वाली भाप और गर्मी से आंखों की कॉर्निया जल सकती है, जिससे स्थायी नुकसान या नजर पर असर हो सकता है. चेहरे और हाथ पर भी गंभीर जलन हो सकती है.