Delhi दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के परिणामों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। शनिवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इससे पहले शुक्रवार को हुए मतदान में कुल 40.46 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय के कई कॉलेजों में हुए छात्रसंघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कई प्रमुख पदों पर जीत हासिल की है। दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 मतदान केंद्रों से मिले आंकड़ों के अनुसार, इस बार मतदान प्रतिशत 40.46 प्रतिशत रहा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद EVM को मतगणना केंद्र तक पहुंचा दिया गया है। सुबह की पाली वाले सभी 44 मतदान केंद्रों की EVM भी सुरक्षित पहुंच चुकी हैं।
मतदान के दौरान सुबह के समय कॉलेज परिसरों में छात्रों की बड़ी संख्या देखने को मिली। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर भीड़ कम होती गई। इस साल का मतदान प्रतिशत पिछले वर्षों की तुलना में थोड़ा अधिक रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में DUSU चुनाव में करीब 35.20 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं 2025 में यह आंकड़ा 39.45 प्रतिशत रहा। इस बार 2026 में मतदान प्रतिशत बढ़कर 40.46 प्रतिशत पहुंच गया। हालांकि, यह वर्ष 2023 में दर्ज करीब 42 प्रतिशत मतदान से कम है।
कई कॉलेजों में ABVP का प्रदर्शन
दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में हुए छात्रसंघ चुनावों के परिणामों में ABVP ने कई अहम पदों पर जीत दर्ज की है। संगठन के उम्मीदवारों ने अदिति महाविद्यालय, श्री अरबिंदो कॉलेज (मॉर्निंग) और शिवाजी कॉलेज में प्रमुख पदों पर जीत हासिल की। इसके अलावा भारती कॉलेज में ABVP ने सभी आठ पदों पर जीत दर्ज की। डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज में भी संगठन ने सभी चार पदों पर कब्जा किया।
केशव महाविद्यालय में ABVP उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पदों पर जीत हासिल की। श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में अध्यक्ष और सचिव सहित दोनों केंद्रीय पार्षद पदों पर भी संगठन के उम्मीदवार विजयी रहे। श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में भी ABVP उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, सचिव और दोनों पार्षद पदों पर जीत दर्ज की। डिपार्टमेंट ऑफ लाइब्रेरी साइंसेज में भी संगठन ने अध्यक्ष, मंत्री और दोनों केंद्रीय पार्षद पदों पर सफलता हासिल की।
आज होगी मतगणना
DUSU चुनाव की मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे शुरू होगी। कम मतदान प्रतिशत को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि मतगणना प्रक्रिया चार से पांच घंटे में पूरी हो सकती है। अंतिम परिणाम दोपहर तक आने की संभावना है। अब सभी की नजरें DUSU के केंद्रीय पदों के नतीजों पर टिकी हैं। छात्र संगठनों और उम्मीदवारों के समर्थकों में परिणामों को लेकर उत्साह बना हुआ है।
Tags: