बत्तख को 12 फीट लंबे अजगर ने बनाया निवाला, फार्म हाउस से किया गया रेस्क्यू
छग
अंबिकापुर। शहर के बौरीपारा शिकारी रोड स्थित गाड़ाघाट शराब भट्टी के समीप भाजपा नेता एवं एल्डरमैन रमेश जायसवाल के फार्म हाउस में बुधवार सुबह करीब पांच बजे 12 फीट लंबा अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। अजगर एक बत्तख को जिंदा निगल रहा था। सूचना पर पहुंचे स्नेक कैचर सत्यम द्विवेदी ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
बताया गया कि फार्म हाउस में बत्तख, मुर्गा-मुर्गी सहित अन्य पालतू पक्षियों का पालन किया जाता है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बत्तख और मुर्गियों की संख्या कम होने पर परिसर में अजगर होने की आशंका जताई जा रही थी। बुधवार सुबह रमेश जायसवाल ने स्वयं अजगर को बत्तख का शिकार करते देखा, जिसके बाद तत्काल स्नेक कैचर को सूचना दी गई।मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर सत्यम द्विवेदी ने स्थिति का आकलन करने के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस दौरान अजगर ने पकड़े जाने पर बत्तख को उगल दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रेस्क्यू किए गए अजगर की लंबाई लगभग 12 फीट बताई गई है।
रमेश जायसवाल ने बताया कि उनके फार्म हाउस में पहले नौ बत्तख थीं, जिनमें अब केवल पांच बची हैं। वहीं मुर्गा-मुर्गियों की संख्या भी कम हुई है। उन्होंने परिसर में एक और अजगर होने की आशंका जताई है। रेस्क्यू के बाद स्नेक कैचर ने वन्यजीव संरक्षण के तहत अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।