दिल्ली। जैतपुर इलाके में घरेलू विवाद के दौरान नशे में धुत एक पिता ने अपने दो वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पिटाई वाली वारदात 19 जून की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, विवाद पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ था। आरोपी ने पत्नी से झगड़े में बच्चे पर अपना गुस्सा निकाला। मासूम का 29 जून को जन्मदिन होना था। इसकी घर पर तैयारी भी चल रही थी। पुलिस ने आरोपी चंदन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बीएनएस और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार, 34 वर्षीय चंदन शर्मा पत्नी आरती और दो बच्चों के साथ मिठापुर की लखपत कॉलोनी पार्ट-2 में रहता है। आरोपी चंदन मूलरूप से बिहार के गया का रहने वाला है। वह बढ़ई का काम करता है और शराब का आदी है। आरती से 2021 में उसकी शादी हुई थी। उसकी चार साल की एक बेटी भी है। घटना 19 जून दोपहर की है। वह नशे की हालत में घर पहुंचा। शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने दोनों बच्चों के साथ भी हिंसा की और दो वर्षीय बेटे जयराज को बुरी तरह पीटा। 29 जून को उसका जन्मदिन आने वाला था। इसे लेकर तैयारियां भी चल रहीं थी, लेकिन वारदात से खुशियां मातम में बदल गई हैं।
घटना के बाद आरती ने पुलिस को सूचना दी और पड़ोसियों की मदद से घायल बच्चे को सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान शनिवार सुबह बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और आरोपी की नशे की लत घटना की मुख्य वजह के रूप में सामने आई है।