सोर्स न्यूज़  - आज तक  

पंजाब। मोगा में दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां नशे की हालत में एक व्यक्ति ने रोटी पकाने वाले तवे से अपनी पत्नी की हत्या कर दी. इस घटना की जानकारी होते ही आसपास इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, बीती रात मोगा की चक्की वाली गली में युवक परमजीत सिंह का उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि परमजीत सिंह नशे का आदी है. घर पर उसका अक्सर इसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था. बीती रात भी परमजीत सिंह का उसकी पत्नी से विवाद हो गया. इसी बीच गुस्से में आकर परमजीत ने अपनी पत्नी के सिर पर रोटी बनाने वाले तवे से ताबड़तोड़ वार कर दिए. इससे महिला लहूलुहान हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद जब आसपास के लोगों को पता चला तो सनसनी फैल गई. लोगों ने तुरंत वारदात की जानकारी पुलिस को दी.

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया. शहर थाना प्रभारी दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी परमजीत सिंह को पकड़ लिया है. पुलिस महिला के परिवार के लोगों के बयान दर्ज कर रही है. आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.


Tags: