अधिकारी ओवरटाइम ड्यूटी कराता था इसलिए ड्राइवर ने किया था मर्डर, खुलासा
पढ़े पूरी खबर
बिहार। सासाराम नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. मगध के IG विकास वैभव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि EO की हत्या उनके ही ड्राइवर मिथिलेश कुमार ने की थी. पुलिस पूछताछ में ड्राइवर ने हत्या की बात स्वीकार की है.
इस पूरे मामले में पुलिस को सबसे पहले ड्राइवर मिथिलेश कुमार के बयान पर शक हुआ. घटना के बाद ड्राइवर ने पुलिस को बताया था कि कुछ अज्ञात अपराधियों ने रास्ते में गाड़ी रोककर EO के साथ मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
लेकिन जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि घटना के वक्त गाड़ी में मौजूद ड्राइवर के शरीर पर एक भी चोट या खरोंच के निशान नहीं थे. पुलिस के सामने सवाल था कि अगर अपराधियों ने गाड़ी रोककर हमला किया था तो ड्राइवर को कोई नुकसान क्यों नहीं हुआ. यहीं से पुलिस का शक ड्राइवर पर गहरा गया.
इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पूछताछ में ड्राइवर के बयान बार-बार बदलता रहा. उसने पहले बताया कि दो अपाची बाइक पर अपराधी आए थे. बाद में उसने कहा कि एक अपाची बाइक पर अपराधी आए थे. कहानी में ड्राइवर के बदलते बयान के बाद पुलिस को लगा कि घटना को लेकर गलत जानकारी दी जा रही है.
IG विकास वैभव के मुताबिक, जब ड्राइवर से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरी घटना का खुलासा कर दिया. उसने स्वीकार किया कि उसने ही एक्जिक्यूटिव ऑफिसर की हत्या की है. पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर ने हत्या की वजह काम का दबाव और तनाव बताया है. उसने बताया कि वो लंबे समय से ज्यादा ड्यूटी को लेकर परेशान था. कई बार EO और उसके बीच बहस भी हुई थी. नगर परिषद के दूसरे कर्मचारियों से पूछताछ में भी दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है.