उनकी मुस्कुराहट पर न जाना, दिया तो कब्र पर भी जल रहा है!! Wait and watch: संजय राउत का ट्वीट

Update: 2022-07-17 09:44 GMT

न्यूज़ क्रेडिट: हिंदुस्तान

मुंबई: शिवसेना सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार पर फिर निशाना साधा है। राउत ने सीएम शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की तस्वीर ट्वीट की है। इसके कैप्शन में उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, "उनकी मुस्कुराहट पर न जाना, दिया तो कब्र पर भी जल रहा है!" मालूम हो कि इस तस्वीर में फडणवीस समेत शिंदे गुट के अन्य नेता मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।

इससे पहले राउत ने शिंदे मंत्रिमंडल पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा, "भारतीय संविधान के अनुच्छेद 164, 1A के अनुसार राज्य मंत्रिमंडल में कम से कम 12 मंत्री होने चाहिए। इससे कम होने पर संविधान कैबिनेट को मंजूरी नहीं देता। पिछले 2 सप्ताह से महाराष्ट्र में 2 मंत्रियों का कैबिनेट फैसले ले रहा है, जिसकी कोई संवैधानिक वैधता नहीं है। राज्यपाल, क्या हो रहा है?"
दरअसल, महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने शनिवार को औरंगाबाद और उस्मानाबाद शहरों के नाम बदलकर क्रमश: छत्रपति संभाजीनगर और धाराशिव रखे जाने को मंजूरी दी थी। राज्य में इस समय मंत्रिमंडल में केवल दो सदस्य मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं, क्योंकि इसका विस्तार अभी नहीं हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के इस्तीफा देने से ठीक पहले, 29 जून को उनकी अगुवाई वाली पूर्ववर्ती महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार ने इन शहरों के नाम बदलने का फैसला किया था। बता दें कि शिंदे के शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह करने के बाद एमवीए सरकार 29 जून को गिर गई थी। शिंदे ने इसके अगले दिन मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।



Tags:    

Similar News

-->