Donald Trump ने रद्द किया इस्लामाबाद दौरा, ईरान पर कसा तंज
इस्लामाबाद जाने वाले अमेरिकी प्रतिनिधियों का दौरा रद्द, ट्रंप का हमला
Delhi दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के इस्लामाबाद में प्रस्तावित अपने प्रतिनिधिमंडल का दौरा अचानक रद्द कर दिया है। यह प्रतिनिधिमंडल ईरानी अधिकारियों से संभावित बातचीत के लिए वहां जाने वाला था। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, “मैंने अभी-अभी अपने प्रतिनिधियों का इस्लामाबाद जाने का दौरा रद्द कर दिया है, जो ईरानियों से मिलने वाले थे। इस यात्रा में बहुत ज्यादा समय की बर्बादी हुई।
उन्होंने ईरान पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां स्थिति स्पष्ट नहीं है। “किसी को नहीं पता कि वहां इंचार्ज कौन है, उन्हें खुद भी नहीं,” ट्रंप ने लिखा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, “हमारे पास सारे कार्ड हैं, उनके पास कोई नहीं है। अगर वे बात करना चाहते हैं, तो उन्हें बस कॉल करना है।” इस बयान को ईरान पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव पहले से ही चरम पर है और दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावनाएं लगातार उतार-चढ़ाव से गुजर रही हैं। पाकिस्तान इस बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन दौरा रद्द होने से फिलहाल यह पहल ठंडी पड़ती नजर आ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से क्षेत्रीय कूटनीति पर असर पड़ सकता है और ईरान-अमेरिका संबंधों में और अनिश्चितता बढ़ सकती है।