Kullu. कुल्लू। कुल्लू कॉन्वेंट स्कूल मौहल मेंं विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और समय पर बीमारियों की पहचान के उद्देश्य से विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सेंट्रल दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस शिविर में तीन से 16 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों में हड्डियों, दांतों, छाती और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया। शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डा.अरुण यादव, छाती रोग विशेषज्ञ डा.नील धिस्सा तथा दंत रोग विशेषज्ञ डा.सिमरनजीत सिंह, डा. सचिन कुमार और डा. नरेश ने सेवाएं दीं। इसके अलावा सेवानिवृत्त स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मान सिंह भी चिकित्सा टीम में शामिल रहे। चिकित्सकों ने बच्चों की जांच कर संभावित स्वास्थ्य समस्याओं और असामान्यताओं का पता लगाने का प्रयास कियाए ताकि जरूरत पडऩे पर उन्हें समय रहते आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन मिल सके।

शिविर के दौरान एकत्र किए गए स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों को संकलित किया जाएगा। इसके बाद जांच से प्राप्त निष्कर्ष संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ साझा किए जाएंगे, ताकि आवश्यक मामलों में उचित कदम उठाने और बच्चों को आगे की चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने में सहयोग मिल सके। शिविर के सफल आयोजन में चामुंडा नर्सिंग इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने स्वास्थ्य जांच के दौरान चिकित्सकों की सहायता की। विद्यालय प्रबंधन ने आईएमए सेंट्रल दिल्ली, सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग विद्यार्थियों का आभार जताया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके शारीरिक स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना भी जरूरी है। ऐसे चिकित्सा शिविर बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करने और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करने में सहायक साबित होते हैं। सेहत के प्रति सजगता जरूरी है। बच्चों की सेहत पर ध्यान दिए जाए।
Tags: