'डॉक्टर साहब पहचानिए इसे...' थैली में सांप लेकर पहुंचे युवक की कहानी वायरल
डसने वाले सांप को साथ लेकर अस्पताल पहुंचा मरीज
Bareilly बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिला अस्पताल में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां एक युवक सांप को थैली में बंद कर अस्पताल पहुंच गया। युवक ने डॉक्टरों से कहा कि इसी सांप ने उसे काटा है। सांप को देखकर अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। युवक की पहचान बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रामनगर गोटिया निवासी 36 वर्षीय अतुल पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अतुल के घर में पानी की मोटर के नीचे एक सांप छिपा हुआ था। जब वह मोटर चलाने के लिए वहां पहुंचा और सांप को हटाने की कोशिश की, तभी सांप ने उसके हाथ में डस लिया। सांप के काटने के बाद अतुल की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। खास बात यह रही कि अतुल उस सांप को भी थैली में लेकर अस्पताल पहुंचा, ताकि डॉक्टरों को पता चल सके कि उसे किस सांप ने काटा है और इलाज में आसानी हो सके।
डॉक्टरों ने तुरंत शुरू किया इलाज
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने अतुल का इलाज शुरू किया। स्नेक बाइट के मामले को देखते हुए उसे एंटी स्नेक वेनम (ASV) दिया गया। इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। परिजनों के अनुसार, अतुल ने सांप को इसलिए साथ रखा था ताकि डॉक्टर सही तरीके से उपचार कर सकें। कई बार सांप की पहचान इलाज में मददगार साबित होती है।
24 घंटे में सांप काटने के चार मामले
बरेली जिला अस्पताल में 24 घंटे के अंदर सांप काटने के चार मामले सामने आए। सभी मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एंटी स्नेक वेनम देकर उनकी जान बचाई। दूसरा मामला सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बिरिया नारायणपुर गांव का है। यहां 60 वर्षीय भगवान देई को सांप ने डस लिया। वह घर के पास बनी डेयरी में काम कर रही थीं, तभी सांप ने उनके हाथ में काट लिया। तीसरा मामला फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र का है, जहां 35 वर्षीय सत्यवती घर में सफाई करते समय सांप के काटने का शिकार हो गईं। वहीं चौथा मामला भुता थाना क्षेत्र के पो नगला गांव का है, जहां 20 वर्षीय सोनू को खेत जाते समय सांप ने पैर में डस लिया।
बरसात में बढ़ जाती हैं घटनाएं
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरसात के मौसम में सांप काटने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों, घरों और आसपास के इलाकों में सांप निकलने के मामले ज्यादा सामने आते हैं। सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल में स्नेक बाइट के मरीजों के इलाज के लिए पूरी तैयारी रखी गई है। अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है और डॉक्टरों की टीम ऐसे मामलों के लिए तैयार रहती है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचें और घरेलू उपायों में समय बर्बाद न करें।