Solan. सोलन। जिला सोलन में छोटी दीपावली का पर्व शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोगों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक घरों और प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई कर उन्हें फूलों, रंगोली और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। शाम होते ही दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा। छोटी दीपावली के चलते सोलन शहर के बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही। सुबह से ही लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने लगे। फूलों, दीयों, मिठाइयों, पूजा सामग्री और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने कपड़ों और घरेलू सामान की भी जमकर खरीदारी की। धनतेरस के बाद छोटी दीपावली पर भी अच्छी ग्राहकी रहने से दुकानदारों के चेहरे खिले रहे।

दीपावली के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थानों पर पटाखों के स्टॉल लगाए गए हैं। ठोडो मैदान, चंबाघाट, सोलन बाईपास और ब्रूरी सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पटाखों की खरीदारी की। इस बार बटरफ्लाई, स्काई शॉट, पॉप-पॉप और सीटी बम जैसे नए किस्म के पटाखों को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष आकर्षण रहा। शाम को लोगों ने घरों में पूजा-अर्चना कर दीप जलाए और परिवार के साथ त्योहार की खुशियां बांटीं। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने जिलावासियों को छोटी दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली रोशनी, खुशियों और आपसी भाईचारे का पर्व है। सभी लोग इसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने, पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने और बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने देने की अपील की। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
Tags: