Agartala: त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ पुलिस मुख्यालय में मृत पाए गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. त्रिपुरा के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस (DGP) और IPS अधिकारी अनुराग धनखड़ सोमवार 20 जुलाई को अगरतला में पुलिस हेडक्वार्टर (PHQ) स्थित अपने ऑफ़िस में मृत पाए गए. आशंका जताई जा रही है कि ये आत्महत्या का मामला हो सकता है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक धनखड़ PHQ में अपने ऑफ़िस के कमरे में फंदे से लटके हुए पाए गए. उन्हें तुरंत अगरतला के गोविंद बल्लभ पंत (GBP) अस्पताल ले जाया गया, जहां आगे की प्रक्रिया चल रही है.
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और घटनास्थल को सील कर लिया गया है. पुलिस ने डीजीपी की मौत के कारणों की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है. मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा. पुलिस ने इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. त्रिपुरा सरकार ने भी इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है.