SRN अस्पताल का नाम बदलकर शहीद रोशन सिंह के नाम पर करने की मांग

Update: 2026-08-08 15:58 GMT
Prayagraj प्रयागराज। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे के बीच शहर में स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय यानी SRN Hospital का नाम बदलने की मांग एक बार फिर चर्चा में आ गई है। शहर के अलग-अलग इलाकों में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें अस्पताल का नाम बदलकर ‘अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चिकित्सालय’ किए जाने की मांग की गई है। पोस्टरों के जरिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर रोशन सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मान देने की अपील की गई है। पोस्टरों में दावा किया गया है कि वर्तमान SRN अस्पताल की जगह ब्रिटिश शासन के दौरान साउथ मलाका जेल हुआ करती थी। इसी जेल में काकोरी एक्शन से जुड़े मामले में स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर रोशन सिंह को फांसी दिए जाने का उल्लेख किया गया है। पोस्टर लगाने वालों का कहना है कि आजादी के बाद इसी स्थान पर अस्पताल का निर्माण हुआ, लेकिन इसका नाम स्वरूप रानी नेहरू के नाम पर रखा गया।
इसको लेकर पोस्टरों में सवाल उठाया गया है कि जिस स्थान का संबंध स्वतंत्रता संग्राम के एक शहीद से रहा हो, वहां बने अस्पताल का नाम उनके नाम पर क्यों नहीं रखा गया। साथ ही प्रयागराज में गांधी-नेहरू परिवार के नाम पर कई संस्थानों का नाम होने का भी उल्लेख करते हुए शहीद रोशन सिंह के नाम को प्रमुखता देने की मांग की गई है। पोस्टरों के सामने आने के बाद शहर में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा शुरू हो गई है। समर्थकों का कहना है कि स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले स्थानीय शहीदों और क्रांतिकारियों को उचित सम्मान मिलना चाहिए। उनका तर्क है कि ऐतिहासिक स्थलों और संस्थानों के नामकरण में स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
वहीं, SRN अस्पताल का नाम बदलने की मांग को लेकर अभी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। अस्पताल का मौजूदा नाम स्वरूप रानी नेहरू के नाम पर है और यह प्रयागराज के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल है। राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे के बीच इस मुद्दे के उठने से स्थानीय राजनीति में भी इसकी चर्चा बढ़ गई है। अब देखना होगा कि नाम बदलने की यह मांग आगे किस रूप में सामने आती है और प्रशासन या सरकार की ओर से इस पर क्या रुख अपनाया जाता है।
Tags:    

Similar News