पुणे: परिसीमन बिल पर NCP (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने समर्थन की बात कही है. शरद पवार से मुलाकात के बाद आव्हाड ने अपने बयान में पार्टी का रुख बताया. आव्हाड महाराष्ट्र की मुंब्रा-कलवा सीट से विधायक हैं.
संसद में परिसीमन बिल को लेकर हलचल तेज है. परिसीमन का सीधा मतलब चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं और सीटों की संख्या तय करने से जुड़ा है. इसे लेकर अलग-अलग दलों की अपनी राय और चिंताएं सामने आती रही हैं. ऐसे में NCP का समर्थन देने की बात सामने आना एक बड़ा संकेत माना जा रहा है.
सरकार परिसीमन को तैयार
सरकार की लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है. केंद्र सरकार ने परिसीमन से जुड़े नए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसके तहत हर राज्य की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. इसी मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक बुलाया गया है. लेकिन, सांसदों की संख्या बढ़ने का मतलब सिर्फ संसद में ज्यादा कुर्सियां लगाना नहीं है. हर नए सांसद के साथ उसकी सैलरी, भत्ते, दफ्तर, स्टाफ, सरकारी आवास, यात्रा और दूसरी सुविधाओं का खर्च भी जुड़ेगा. संसद चलाने का खर्च भी बढ़ेगा. ऐसे में सवाल है कि अगर सांसदों की संख्या बढ़ जाएगी तो सरकारी खजाने पर कितना बोझ पड़ेगा?
अभी के 545 के आंकड़े को आधार मानें और संख्या 815 हो जाए, तो 270 सांसद बढ़ेंगे. यानी करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी. अब इन 270 सांसदों पर होने वाले खर्च का हिसाब लगाते हैं. इसमें 545 से 815 तक की बढ़ोतरी को आधार बनाया गया है, न कि सरकार की ओर से घोषित कोई अंतिम खर्च. ध्यान रहे कि यह एक अनुमानित गणना है.
अप्रैल में लोकसभा में पेश किए गए परिसीमन विधेयक में बताया गया था कि परिसीमन की इस कवायद का असर सिर्फ लोकसभा तक सीमित नहीं रहेगा. प्रस्तावित कानून में राज्यों की विधानसभाओं की कुल सीटों की संख्या दोबारा तय करने का अधिकार भी परिसीमन आयोग को देने की बात है. यानी लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा सीटों की संख्या में भी बदलाव हो सकता है. हालांकि, कितनी सीटें बढ़ेंगी, इसका कोई निश्चित आंकड़ा अभी प्रस्ताव में नहीं दिया गया है. माना जा रहा है कि विधानसभा सीटें 4,123 से बढ़कर लगभग 6,185 से 6,186 तक जा सकती हैं.
सांसद को हर महीने सिर्फ सैलरी नहीं मिलती. उन्हें अपने क्षेत्र के कामकाज और दफ्तर के लिए भी अलग-अलग भत्ते दिए जाते हैं. केंद्र सरकार की ओर से 1 अप्रैल 2023 से लागू दरों के मुताबिक, एक सांसद को हर महीने 1 लाख 24 हजार रुपये वेतन मिलता है. इसके अलावा 87 हजार रुपये निर्वाचन क्षेत्र भत्ता और 75 हजार रुपये कार्यालय खर्च भत्ता मिलता है. यानी तीनों मदों को जोड़ दें तो एक सांसद के लिए हर महीने 2 लाख 86 हजार रुपये का खर्च बनता है. इसमें से निर्वाचन क्षेत्र भत्ता क्षेत्र से जुड़े खर्चों के लिए और कार्यालय खर्च भत्ता दफ्तर, स्टेशनरी और सचिवीय सहायता जैसी जरूरतों के लिए होता है.
अब यही हिसाब 270 नए सांसदों पर लगाइए. 270 सांसद (बढ़े हुए सांसद) × 2.86 लाख रुपये = 7.72 करोड़ रुपये हर महीने. यानी पूरे साल का हिसाब लगाएं तो करीब 92.66 करोड़ रुपये. यह सिर्फ वेतन और इन दो भत्तों का अनुमान है. इसमें सांसदों को मिलने वाली दूसरी सुविधाएं शामिल नहीं हैं. अगर भत्तों को जोड़ा जाएगा तो ये खर्चा भी काफी बढ़ जाएगा.
सांसदों को संसद सत्र या ड्यूटी के दौरान पात्र दिनों के लिए दैनिक भत्ता भी मिलता है. इसकी मौजूदा दर 2,500 रुपये प्रतिदिन है. यह भत्ता हर दिन अपने आप नहीं मिलता, इसके लिए तय नियमों और उपस्थिति की शर्तें लागू होती हैं. एक उदाहरण से समझिए. अगर 270 नए सांसदों को साल में 60-60 दिन का दैनिक भत्ता मिले, तो यह रकम करीब 4.05 करोड़ रुपये होगी. असल खर्च इस बात पर निर्भर करेगा कि संसद कितने दिन चलेगी और सांसद कितने दिन पात्र होंगे.
सांसदों को दिल्ली में रहने के लिए सरकारी आवास की सुविधा दी जाती है. आवास का प्रकार उनकी पात्रता और उपलब्धता के हिसाब से तय होता है. नए सांसद बढ़ेंगे तो उनके लिए रहने की जगह, फर्नीचर, मरम्मत, बिजली-पानी, टेलीफोन और दूसरी सुविधाओं का इंतजाम भी करना होगा. वैसे तो सांसदों को वरिष्ठता के आधार पर घर दिया जाता है. हर सांसद के सरकारी आवास पर होने वाले खर्च का कोई एक समान, सार्वजनिक और ताजा आंकड़ा उपलब्ध नहीं है. लेकिन, नए 270 सांसदों के लिए 270 घर या फ्लैट की भी व्यवस्था करनी होगी.
हर सांसद को अपने क्षेत्र और दिल्ली में कामकाज संभालने के लिए दफ्तर की जरूरत होती है. कार्यालय खर्च भत्ते में सचिवीय सहायता और स्टेशनरी जैसी मदें शामिल हैं. सांसदों की संख्या बढ़ने पर इन जरूरतों का कुल खर्च भी बढ़ेगा. इसके अलावा संसद सचिवालय, समितियों, सुरक्षा, रिकॉर्ड, तकनीकी व्यवस्था और सदन की कार्यवाही से जुड़े कर्मचारियों की जरूरतों पर भी असर पड़ सकता है. हालांकि, इन सभी मदों का खर्च सांसदों की संख्या के ठीक 50 फीसदी बढ़ने से अपने आप 50 फीसदी नहीं बढ़ जाएगा. इसके लिए अलग से बजट और संसाधनों की जरूरत का आकलन करना होगा.
सांसदों को अपने क्षेत्र में विकास कार्यों की सिफारिश करने के लिए MPLADS योजना के तहत सालाना 5 करोड़ रुपये तक की राशि मिलती है. अगर योजना इसी व्यवस्था के साथ जारी रहती है और नए सांसद भी इसके दायरे में आते हैं, तो 270 अतिरिक्त सांसदों के हिसाब से 1,350 करोड़ रुपये सालाना की अतिरिक्त विकास राशि का प्रावधान बन सकता है. लेकिन इसे सांसदों की सैलरी या उनकी निजी कमाई समझना गलत होगा. यह क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए मिलने वाली राशि है. इसका खर्च नियमों के मुताबिक विकास परियोजनाओं पर होता है.
बता दें कि चुनाव करवाने में उतना खर्चा नहीं बढ़ेगा. दरअसल, चुनाव पर होने वाला खर्च मतदाताओं की संख्या आदि पर ज्यादा निर्भर करता है, ऐसे में वीवीपैट, ईवीएम, कर्मचारियों आदि का खर्चा नहीं बढ़ेगा, लेकिन क्लरिकल काम का खर्चा बढ़ सकता है, जिसमें डॉक्यूमेंट रिकॉर्ड आदि शामिल है. अगर उदाहरण से समझें तो 1971 और 77 की सीटों में 24 सीटों का ही अंतर था, लेकिन खर्चा काफी ज्यादा था. खर्च हर बार बढ़ता है, लेकिन इन सालों में अंतर ज्यादा था.
जब सरकार ने कुछ महीनों पहले परिसीमन बिल की जानकारी दी थी, उसमें उन्होंने कहा था कि प्रस्तावित परिसीमन आयोग पर होने वाले कुल खर्च का सटीक अनुमान लगाना संभव नहीं है. परिसीमन आयोग बनाने का खर्च केंद्र सरकार की Consolidated Fund of India से आएगा. आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के वेतन और भत्ते इसी में शामिल होंगे. आयोग के कामकाज से जुड़े दूसरे खर्च भी इसमें शामिल होंगे. परिसीमन के उद्देश्य से आयोग द्वारा किए जाने वाले अन्य खर्च भी चुनाव आयोग वहन करेगा.
बता दें कि जब इस साल बजट पेश किया गया था, उस वक्त वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यूनियन बजट पेश किया, उसमें पार्लियामेंट के दोनों हाउस के कामकाज के लिए 1,492 करोड़ रुपये दिए गए. इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, लोकसभा के लिए 1,009 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जिसमें संसद टीवी के लिए ग्रांट-इन-एड शामिल है.
बजट में लोकसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर की सैलरी और अलाउंस के लिए 1.56 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जबकि पार्लियामेंट मेंबर्स की सैलरी और अलाउंस और उन्हें दी जाने वाली सुविधाओं के लिए 416.45 करोड़ रुपये अलग रखे गए हैं. इसके अलावा, लोकसभा सेक्रेटेरिएट के खर्चों के लिए 586.03 करोड़ रुपये अलग रखे गए हैं, जिसमें स्टाफ और अधिकारियों की सैलरी, एस्टैब्लिशमेंट से जुड़ी ज़रूरतें, ग्रांट-इन-एड और संसद टीवी पर होने वाला खर्च शामिल है. ऐसे में अब ये खर्च बढ़ सकता है.
लोकसभा के सासंदों की तरह विधानसभा सीटों पर भी काफी असर होगा. इससे करीब 2000 विधायकों को ज्यादा सैलरी देनी होगी और उसके हिसाब से विधानसभा में होने वाले खर्च, भत्तों आदि पर भी काफी खर्च बढ़ जाएगा. भारत में विधायकों के वेतन, भत्ते और विकास निधि हर राज्य की विधानसभा अपने अलग कानून से तय करती है. ऐसे में खर्च का अनुमान लगाना मुश्किल है.
देश के अलग-अलग राज्यों में एक विधायक को मिलने वाला कुल मासिक पैकेज (मूल वेतन + निर्वाचन क्षेत्र, कार्यालय और अन्य नियमित भत्ते) लगभग 90,000 से 3.45 लाख रुपये प्रति माह के बीच है. सालाना आधार पर यह खर्च लगभग ₹10.8 लाख से 41.4 लाख प्रति विधायक बैठता है. वहीं, विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि भी हर राज्य के हिसाब से अलग-अलग है.
Tags: