Delhi: वजीराबाद जल आपूर्ति सुधार परियोजना को मिली मंजूरी, होगी बेहतर पानी व्यवस्था
सरकार और एडीबी मिलकर करेंगे काम
नई दिल्ली: दिल्ली में पानी की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए भाजपा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।वजीराबाद जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) कमांड क्षेत्र में जल आपूर्ति सुधारने के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक के साथ मिलकर दिल्ली जल आपूर्ति सुधार निवेश कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है।
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने एशियन डेवलपमेंट बैंक की कंट्री डायरेक्टर (भारत) मियो ओका से मुलाकात की और वजीराबाद परियोजना के फिर शुरू होने पर सैद्धांतिक सहमति बनी।
दिल्ली में पानी की व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी: ये योजना साल 2011 में तैयार दिल्ली जल आपूर्ति मास्टर प्लान-2021 के तहत बनाई गई थी, जिसका मकसद दिल्ली के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति को 24 घंटे चालू करना और व्यवस्था को आधुनिक बनाना था। लेकिन जब एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) इस परियोजना में निवेश को तैयार था, तब आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने एडीबी के साथ आगे बढ़ने से इनकार कर दिया।
इसके चलते 2020 में एडीबी ने अपनी फंडिंग वापस ले ली और दिल्ली के पानी सुधारने का एक बड़ा मौका गंवा दिया। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सोच के तहत भाजपा सरकार ने फिर से इस परियोजना को शुरू करने का रास्ता साफ कर दिया है।
सरकार और एडीबी मिलकर करेंगे काम: एशियन डेवलपमेंट बैंक एशिया का अग्रणी वित्तीय संस्थान है, जो दुनिया के कई देशों में जल, ऊर्जा और अवसंरचना से जुड़े बड़े सुधारों में मदद करता रहा है। दिल्ली में उनकी वापसी भाजपा सरकार के विकास के प्रति भरोसे को दर्शाती है।
कहा कि अब सरकार और एडीबी मिलकर इस परियोजना के लिए नए तरीके से योजना तैयार करेंगे और जलापूर्ति सुधारने के काम को तेजी से आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना दिल्ली के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने और राजधानी को एक आधुनिक और स्मार्ट शहर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगी।
जलापूर्ति सुधार के काम में आएगी तेजी
-वजीराबाद जल संयंत्र क्षेत्र के तहत आने वाले इलाकों में 24x7 पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना।
-पानी की चोरी और लीकेज को रोकने के लिए पाइपलाइन नेटवर्क को सुधारना।
-आधुनिक जल शोधन तकनीकों सेरामिक फिल्टरेशन और जैविक अमोनिया निकासी को लागू करना।
-बुराड़ी, संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर, मॉडल टाउन, पंजाबी बाग, शकूर बस्ती, जहांगीरपुरी, पीरा गढ़ी, अवंतिका, पीतमपुरा और आसपास के इलाकों में सेवा की गुणवत्ता बेहतर करना।
-पानी का न्यायसंगत और टिकाऊ वितरण सुनिश्चित करना।
-निगरानी और नियंत्रण के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल करना और जनता की भागीदारी बढ़ाना।