दिल्ली :13 वर्षों में चौथी बार झेल रही इतनी गर्मी, दो दिन बाद बदलेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। दिल्ली के मानक मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

Update: 2021-08-17 17:18 GMT

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। दिल्ली के मानक मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 13 वर्षों में यह चौथी बार है, जब दिल्ली के लोग अगस्त महीने में इतनी ज्यादा गर्मी झेल रहे हैं।

दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार सुबह से तेज चमकीला सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तीखी और तेज हो गई। दोपहर के समय तो धूप के चलते बाहर निकलना भी मुश्किल लगा। आम तौर पर अगस्त महीने तक तापमान 35 डिग्री से नीचे रहने लगता है। लेकिन इस बार लंबे समय से बारिश नहीं होने के चलते तापमान असामान्य रूप से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।
सफदरजंग मौसम केंद्र में मंगलवार के दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। यहां नमी का स्तर 83 से 46 फीसदी तक रहा। गर्मी और इतनी ज्यादा नमी के चलते लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ा। दिन भर लोग पसीना पोंछते नजर आए। मौसम विभाग के पास मौजूद आंकड़ों के मुताबिक बीते 13 सालों यानी वर्ष 2009 से 2021 तक में यह चौथी बार है, जब अगस्त के महीने में अधिकतम तापमान 38 डिग्री या उससे ऊपर पहुंचा हो।
तारीख तापमान
12 अगस्त 1987 42 डिग्री सेल्सियस
03 अगस्त 2011 38.2 डिग्री सेल्सियस
27 अगस्त 2014 39.4 डिग्री सेल्सियस
30 अगस्त 2019 38.2 डिग्री सेल्सियस
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स क्षेत्र में सबसे ज्यादा गर्मी
दिल्ली के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार के दिन सबसे ज्यादा गर्मी झेली। यहां का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पीतमपुरा में 38.7, नजफगढ़ में 38.8 और पालम में 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
गुरुवार से दिखेगा मौसम में बदलाव
दिल्ली के लोगों को बुधवार के दिन भी खासी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इस दिन भी अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। वहीं गुरुवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। चक्रवाती हवाओं के चलते दिल्ली की तरफ नमी भरी पूर्वी हवाओं का आगमन शुरू होगा, साथ ही अगले तीन दिन तक हल्की और मध्यम बरसात का दौर रहने की संभावना है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से खासी राहत मिलेगी।


Tags:    

Similar News

-->